Hamirpur Crime News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुछ दबंगों ने बारात को रोककर जमकर मारपीट कर दूल्हे को लहूलुहान कर दिया. साथ ही उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की है. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें करीब 20 सेकेंड में 9 लोग 100 से ज्यादा लाठियां बरसाते हुए दिखाई दे रहे है. फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू करते हुए घायल दूल्हे को भर्ती करवाया है. फिर कई घंटों बाद बारात रवाना हुई.
जानकारी के अनुसार, मझगवां थाना क्षेत्र के झिन्ना वीरा गांव के रहने वाले मुन्नीलाल की बारात बांदा जिले के इम्लौर गांव जा रही थी. दूल्हा मुन्नीलाल खेती-किसानी करता है. वह सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से निकले थे. कार में उनके भाई जगदेव राजपूत, मूरत राजपूत, भांजी रूपाली (17) और जगदेव के दो बच्चे गगन (6) व अमृता (4) भी सवार थे.

15 लोगों ने कार को घेरा
बारात गांव से करीब 30 किलोमीटर दूर बसेला बस स्टैंड के पास पहुंची थी. तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 लोगों ने कार को घेर लिया. परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया.
हमले में दूल्हा मुन्नीलाल के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. उनके बड़े भाई जगदेव राजपूत भी गंभीर रूप से घायल हो गए. रूपाली, गगन और अमृता को भी चोट लगी है. दबंगों ने कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
पुलिस ने क्या कहा
राठ के सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि दूल्हे के साथ मार पीट करने के मामले में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुरानी रंजिश के कारण युवक के साथ मारपीट की गई है.
ये भी पढ़ें- गाजियाबाद की फैक्ट्री में बड़ा हादसा, वॉटर मशीन का कंप्रेसर फटने से दो मजदूरों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं