विज्ञापन

नानी के घर आए 8 साल के बच्चे पर गिरा स्कूल का जर्जर गेट, मौके पर ही मौत

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहां महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज में एक डे केयर स्कूल का भारी और जर्जर गेट गिरने से 8 वर्षीय मासूम की दबकर मौत हो गई. बच्चा गर्मियों की छुट्टियों में अपनी नानी के घर आया था. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

नानी के घर आए 8 साल के बच्चे पर गिरा स्कूल का जर्जर गेट, मौके पर ही मौत
  • लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में जर्जर गेट गिरने से आठ वर्षीय मासूम शिवा की मौके पर मौत हो गई
  • शिवा अपनी नानी के घर निशातगंज आया था और घर के पास डे केयर स्कूल के सामने खेल रहा था
  • भारी और पुराना गेट अचानक गिरा, जिससे शिवा गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ बैठा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहाँ के महानगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक जर्जर गेट गिरने से 8 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक बच्चा गर्मियों की छुट्टियों में अपनी नानी के घर आया हुआ था और खेल रहे बच्चों के साथ हादसे का शिकार हो गया. घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

खेलते समय हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के मुताबिक बहराइच के बंजारी मोड़ (धन्नीपुर) का रहने वाला 8 वर्षीय शिवा कश्यप पुत्र विक्रम कश्यप, चार दिन पहले ही अपनी मां ललिता के साथ निशातगंज स्थित अपनी नानी मीना देवी के घर आया था. शनिवार को शिवा अपने भाई-बहनों के साथ घर के पास ही स्थित 'बचपन डे केयर स्कूल' के सामने खेल रहा था. इसी दौरान स्कूल का बेहद पुराना और जर्जर हो चुका भारी-भरकम गेट अचानक उखड़कर मासूम शिवा के ऊपर गिर गया.

भारी वजन के कारण नहीं बच सकी जान

गेट गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आस-पास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत दौड़कर गेट हटाने का प्रयास किया, लेकिन गेट का वजन अत्यधिक होने के कारण उसे हटाने में काफी समय लग गया. काफी देर तक भारी लोहे के गेट के नीचे दबे रहने के कारण दम घुटने और गंभीर चोटों की वजह से मासूम शिवा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

जांच में जुटी पुलिस, पिता चेन्नई से रवाना

मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही महानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के मामा राहुल ने बताया कि शिवा के पिता चेन्नई में एक प्राइवेट नौकरी करते हैं. उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है और वे लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं. फिलहाल पुलिस स्कूल प्रशासन की लापरवाही और जर्जर गेट के मामले की गहनता से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ेंग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक सतींदर सिंह भसीन ED की गिरफ्त में, मनी लॉन्ड्रिंग केस में 6 तक रिमांड पर

लेखक के बारे में
img
Vivek Shahi
लखनऊ में स्ट्रिंगर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP, Uttar Pradesh, UP News, Lucknow News, Lucknow School Gate Collapse
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com