- ग्रेटर नोएडा के पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में 28 वर्षीय युवक ने 21वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की
- युवक का शव सोसाइटी के रिसेप्शन पोस्ट के ऊपर गिरा और मौके पर उसकी मौत हो गई थी
- मृतक युवक बुधवार को नोएडा की एक प्राइवेट आईटी कंपनी में इंटरव्यू देने गया था और रिजेक्ट हो गया था
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर पुलिस थाना क्षेत्र स्थित 'पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट' सोसाइटी में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहाँ 28 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर 21वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
सोसाइटी के रिसेप्शन पोस्ट के ऊपर गिरा युवक
पुलिस के अनुसार, स्टे-रूम लेने के कुछ ही समय बाद वेदांत 21वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां से छलांग लगा दी. वह सोसाइटी के रिसेप्शन पोस्ट के ऊपर गिरा. तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
आईटी कंपनी में इंटरव्यू देने गया
मृतक की बहन ने सूरजपुर पुलिस को बताया कि उसका भाई बुधवार सुबह नोएडा के सेक्टर-16 स्थित एक प्राइवेट आईटी कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए घर से निकला था. दोपहर में जब उससे बात हुई, तो उसने बताया कि वह इंटरव्यू में रिजेक्ट हो गया है और शाम तक घर लौटने की बात कही थी.
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के दौरान जिस कमरे में वह रुका था, वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है और युवक के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है कि उसने आखिरी समय में किससे बात की थी.
यह भी पढ़ें- IPS जगमोहन मीणा: इस्तीफे के बाद अब क्या करेंगे? NDTV से बताया आगे का प्लान
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 19 साल की तनिष्का तोमर ने 16वीं मंजिल से कूदकर दी जान, बहन से क्या विवाद हुआ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं