टीम इंडिया को श्रीलंका दौरे से पहले बड़ा झटका लग सकता है. दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने में तकलीफ की वजह से 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं. ऐसे में सेलेक्टर्स उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी डार के नाम पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिल सकता है.
बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने में चोट लगी थी, जिसके बाद सूजन बढ़ गई. वह इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक मेडिकल टीम उन्हें पूरी तरह फिट होने तक मैदान पर लौटाने का जोखिम नहीं लेना चाहती, इसलिए श्रीलंका दौरे से बाहर रहने की संभावना काफी बढ़ गई है.
आकिब नबी सबसे बड़े दावेदार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर बुमराह उपलब्ध नहीं होते हैं तो जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं. दिल्ली कैपिटल्स के इस पेसर ने पिछले दो रणजी सीजन में विकेटों की झड़ी लगा दी है और 2025-26 रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को पहला रणजी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ इंडिया ए के लिए भी उन्होंने दो अनऑफिशियल टेस्ट में छह विकेट चटकाकर अपनी दावेदारी और मजबूत की थी.
🚨 AUQIB NABI TO INDIAN TEST TEAM 🔥
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 2, 2026
- Auqib Nabi is likely to be the front Runner to replace Jasprit Bumrah in the Sri Lanka Test series. [Sahil Malhotra] pic.twitter.com/cDVoNRz94f
4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होगी टीम
भारत की टेस्ट टीम 4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होगी. 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो में अभ्यास मैच खेलने के बाद पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा.
आकिब नबी के फर्स्ट क्लास करियर के आंकड़े
- मैच: 43
- विकेट: 162
- औसत: 18.63
- इकॉनमी: 2.90
- बेस्ट इनिंग: 7/24
- बेस्ट मैच: 12/110
- 5 विकेट हॉल: 16
- 10 विकेट हॉल: 4
पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन
- 2024-25: 8 मैच, 44 विकेट, बेस्ट 6/53, 6 बार पांच विकेट
- 2025-26: 10 मैच, 60 विकेट, बेस्ट 7/24, 7 बार पांच विकेट
ये भी पढ़ें- 'घर में बात तक नहीं होती,' टीम इंडिया के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के बयान से मची हलचल
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं