कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी में हुए हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई थी. वहीं अब गौर सिटी-1 की 5 एवेन्यू सोसाइटी में छत का प्लास्टर गिरने (Ceiling Plaster Fall) से लोग डरे हुए हैं. सोमवार रात करीब 10 बजे एक फ्लैट की छत से अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया. गनीमत रही कि इस दौरान कोई उसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि रूम में रखा हुआ सामान क्षतिग्रस्त हो गया.
बाल बाल बचे मयंक के पिता
सोसाइटी के एच टावर के फ्लैट नंबर 1265 में मयंक अपने परिवार के साथ रहते हैं. मयंक ने बताया कि रात करीब 10:00 बजे अचानक छत से प्लास्टर बड़ा हिस्सा छूट कर सीधे बेड पर जाकर गिरा, जिससे बेड के पास रखा टेबल लैंप टूट गया. इस दौरान उसी कमरे के अंदर उनके पिता कमरे में बेड से कुछ ही दूरी पर कुर्सी पर बैठे हुए थे. उन्होंने बताया कि यदि प्लास्टर कुछ फीट इधर-उधर गिरता तो उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो सकते थे. घटना के बाद परिवार के लोग काफी घबरा गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सोसाइटी प्रबंधन को दी.
करोड़ों खर्च, फिर भी मंडरा रहा खतरा
बता दें कि इससे कुछ दिन पहले अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से हुई युवक की मौत हो गई थी. अब इस घटना से सोसाइटी में रहने वाले 1300 परिवारों और उनके परिजनों की सुरक्षा की चिंता सता रही है.
पहले भी गिर चुका है छत का प्लास्टर
मयंक का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है, जब उनके फ्लैट में प्लास्टर गिरा हो. उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले भी इसी कमरे में इसी स्थान पर प्लास्टर टूटकर गिर गया था. उस समय उनके बच्चे कमरे में मौजूद थे और प्लास्टर की चपेट में आने से उन्हें चोटें आई थीं. शिकायत के बाद मरम्मत का कार्य कराया गया था, लेकिन अब दोबारा उसी कमरे में प्लास्टर गिरने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. वहीं अब उन्होंने एओए से दोबारा निरीक्षण कराकर गुणवत्तापूर्ण और स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: 'भारत की धरती धर्मशाला नहीं...' CM योगी की लैंड जिहाद को लेकर सख्त चेतावनी- video
ये भी पढ़ें: 9 महीने कोख में रखने वाली मां की तेरहवीं के खर्च पर ऐसी लड़ाई, भाई ने किया भाई का कत्ल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं