विज्ञापन

नोएडा अथॉरिटी ने बंद की लीक पाइपलाइन, अब नाले में उतरकर पानी नहीं भरेंगे बच्चे

नोएडा सेक्टर-78 में नाले के भीतर उतरकर पानी भरने को मजबूर बच्चों की खबर सामने आने के बाद नोएडा अथॉरिटी ने कार्रवाई की है. अथॉरिटी ने लीक हो रही पाइपलाइन को बंद कर दिया है.

नोएडा अथॉरिटी ने बंद की लीक पाइपलाइन, अब नाले में उतरकर पानी नहीं भरेंगे बच्चे
नोएडा अथॉरिटी ने बंद कराई नाले के अंदर लीक हो रही पानी की पाइपलाइन
NDTV
  • नोएडा के सेक्टर 78 की झुग्गियों में रहने वाले लोग नाले के नीचे लीक हो रही पाइपलाइन से पानी भरने को मजबूर थे
  • NDTV की रिपोर्ट और वायरल वीडियो के बाद नोएडा अथॉरिटी ने तुरंत नाले की लीक पाइपलाइन को बंद कर दिया है
  • अथॉरिटी नाले के किनारे बने अन्य पानी के स्रोतों को भी बंद कर रही है ताकि लोग नाले में न उतरें

नोएडा के सेक्टर 78 में झुग्गियों में रहने वाले कई लोग नाले के नीचे से गुजर रही पाइपलाइन से पानी भरने को मजबूर थे. NDTV ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया. अब इस खबर का असर भी देखने को मिला है. नोएडा अथॉरिटी ने नाले के नीचे लीक हो रही पाइपलाइन को बंद कर दिया है. इसके बाद अब बच्चे और स्थानीय नागरिक अपनी जान खतरे में डालकर पानी भरने के लिए नाले में नहीं उतर पाएंगे.

नोएडा अथॉरिटी ने लिया एक्शन

NDTV ने गुरुवार को सेक्टर-78 में छोटे बच्चों द्वारा नाले में उतरकर पानी भरने पर ग्राउंड रिपोर्ट छापी थी. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद नोएडा अथॉरिटी की टीम मौके पर पहुंची और लीकेज से पानी लेने वाले पाइप को बंद कर दिया.

नोएडा अथॉरिटी की टीम नाले के किनारे बने दूसरे पानी के स्रोतों को भी बंद कर रही है, ताकि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नाले में न उतरें.

क्या है पूरा मामला?

नोएडा सेक्टर-78 में बाल्मिकी बस्ती के पास गहरे नाले में पानी की पाइपलाइन में लीकेज हो रहा था. इस बस्ती में रहने वाले बच्चे बाल्टी लेकर नाले में उतरकर इसी पाइपलाइन से पानी भर रहे थे. बच्चों ने बताया कि वो इसी पानी को पीते हैं और घर के अन्य कामों में इस्तेमाल करते हैं. बच्चों ने यह भी बताया कि पिछले तीन महीने से वो यहां से पानी भर रहे हैं. बच्चों का इस तरह नाले में उतरना खतरनाक था. अगर वो यहां से फिसलते तो बड़ा हादसा हो सकता था.

हालांकि इस समस्या का समाधान निकलना बाकी है कि बस्ती के लोग अब पीने का पानी कहां से भरेंगे.

यह भी पढ़ें; दो घूंट पानी के लिए रोज जान पर खेलते बच्चे, नोएडा में गरीबों की दर्दनाक तस्वीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida News, Noida Water Crisis, Noida Water Supply, Noida Water Quality Issues
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com