Ghaziabad Murder: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बंथला नहर रोड से रोडरेज (Road Rage) का मामला सामने आया है. यहां कार से बाइक टच होने पर एक 20 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि कार सवार आरोपियों ने युवक को प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में ले जाकर बेरहमी से पीटा. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिजनों का कहना है कि कार सवार युवकों ने अपहरण कर प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय ले गया, जहां मोहम्मद जैद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
कार से टच हुई बाइक
जानकारी के अनुसार, मुस्तफाबाद के लोनी निवासी मोहम्मद जैद (20 वर्ष) अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ बंथला नहर रोड स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल कथित रूप से एक कार से छू गई. आरोप है कि इस बात को लेकर कार सवार युवकों ने जैद के साथ मारपीट की और उसे जबरन एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए, जहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई.
प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में बेहोश पड़ा था जैद
बताया गया है कि कुछ देर बाद जब जैद के दोनों साथी कार्यालय पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने दोनों नाबालिगों से उसे उठाकर ले जाने को कहा और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. दोनों साथी गंभीर हालत में जैद को लेकर आसपास के कई अस्पतालों में पहुंचे और परिजनों को सूचना दी. इसके बाद परिवार के लोग उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपियों की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: हापुड़: ढाबे पर खौफनाक वारदात, बस से उतरते ही युवक की पीट-पीटकर हत्या; घात लगाए बैठे थे हमलवार
ये भी पढ़ें: किसान ने बांस के खेत को बना दिया टूरिस्ट स्पॉट: घूमने की फीस 50 रु, कपल 2100 में करा रहे प्री वेडिंग शूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं