- उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है
- राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव दिन में बीजेपी के खिलाफ दिखते हैं रात में योगी-मोदी के पास गुलदस्ता ले जाते हैं
- राजभर ने पीडीए को एमवाई का नया नाम बताते हुए सपा को केवल हिंसा करने वाली पार्टी बताया
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा अभी से चढ़ गया है. यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर से निशाना साधा है. एनडीटीवी से बात करते हुए राजभर ने कहा कि दिन में बीजेपी के खिलाफ दिखने वाले अखिलेश रात को गुलदस्ता लेकर योगी जी और मोदी जी के पास जाते हैं. वहीं रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर उन्होंने कहा कि इसके जिम्मेदार अखिलेश यादव हैं. सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव ने गैर कानूनी काम करवाया और अब चुनाव आने पर शिवपाल यादव को आजम से मिलने भेज रहे हैं.
राजभर ने पीडीए को बताया M-Y का नया नाम
राजभर ने पीडीए को एमवाई का नया नाम बताते हुए कहा कि सपा सिर्फ पीट देगा अहीर और पीट देगा. उन्होंने कहा कि पार्टी सिर्फ 'अशफाक' बनकर रह गई है.
इससे पहले राजभर ने एक्स पर लिखा था कि जब से अखिलेश यादव की पार्टी ने आजम खान को गृहमंत्री बनाने का ऐलान किया है, तब से उनके PDA यानी ‘पीट देगा अशफाक' गैंग का जोश हाई है. सपा और आजम खान के गुंडे यूपी के गैर-यादव पिछड़ों को घेरकर सता रहे हैं. उनके रडार पर खासकर कुर्मी समाज के लोग हैं.
बीजेपी से सिर्फ इतनी सीटें चाहिए-राजभर
राजभर ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राजेंद्र पाल गौतम ने उनसे मुलाकात के दौरान कहा था कि कांग्रेस को कम से कम 201 सीटें चाहिए. वहीं राजभर कहा कि उनको बीजेपी से उतनी सीटें चाहिए जिससे वह अपनी पार्टी की 13 सीटें जीतकर क्षेत्रीय पार्टी का दर्जा पा सकें. उन्होंने ये भी साफ किया कि अगर बीजेपी इतनी सीटें भी नहीं देगी तो भी गठबंधन बना रहेगा. डॉ संजय निषाद के आरक्षण के मुद्दे पर राजभर ने समर्थन जताते हुए कहा कि उनकी मांग जायज है. अगर संजय निषाद धरना देते हैं तो वो भी उनके साथ बैठे दिखाई देंगे.
राहुल गांधी पर राजभर का निशाना
राहुल गांधी के पीएम मोदी को फर्जी ओबीसी बताने पर राजभर ने कहा कि कांग्रेस सांसद प्रयागराज में अपने दादा की मजार पर सलाम करने तक नहीं गए और वो पीएम पर टिप्पणी कर रहे हैं.
ये भी पढे़ं-भोजपुरी अंदाज में ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना, बताई PDA की नई परिभाषा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं