विज्ञापन
This Article is From Feb 24, 2020

UP के पूर्व राज्यपाल का आरोप- CAA विरोधी प्रदर्शनों में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' बोलने वाले सरकार के लोग

उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार ने संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान साजिशन अपने लोग भेजकर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगवाए और हिंसा कराई.

UP के पूर्व राज्यपाल का आरोप- CAA विरोधी प्रदर्शनों में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' बोलने वाले सरकार के लोग
दिसंबर 2019 में CAA के विरोध में कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे. (फाइल फोटो)
  • कई राज्यों के राज्यपाल रह चुके हैं अजीज कुरैशी
  • CAA विरोधी प्रदर्शन को लेकर सरकार पर आरोप
  • दिसंबर 2019 में कई राज्यों में हुए थे हिंसक प्रदर्शन
संभल:

उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी (Aziz Qureshi) ने सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार ने संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान साजिशन अपने लोग भेजकर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगवाए और हिंसा कराई. कुरैशी ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, 'सरकार में बैठे हिटलर के शागिर्दों ने नए नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों को हिंसक रूप देने के लिए प्रदर्शनकारियों के बीच अपने लोगों को बैठाकर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाए और तोड़फोड़ तथा आगजनी कराई. उसकी आड़ में पुलिस ने गोलियां चलाईं. यह सुनियोजित तरीके से किया गया.'

अजीज कुरैशी ने अलीगढ़ और दिल्ली की घटनाओं को लेकर आरोप लगाया कि यह पुलिस की बर्बरता है, उसकी पराजय है. उन्होंने कहा, 'जब आप नैतिक तौर पर हार मान लेते हैं तभी लाठीचार्ज या गोली चलाते हैं.' कुरैशी ने आरोप लगाया, 'हिंदुस्तान में मुसलमानों को शिकार बनाया जा रहा है और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा भाजपा के दिल में मुसलमानों के लिए शैतानी योजना है.'

CAA Protest: दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास पत्थरबाजी, मेट्रो स्टेशन के गेट किए गए बंद

उन्होंने आगे कहा, 'जिस तरह हिटलर ने जनसंहार करने के लिए कैंप बनवाए थे, उसी तरह से केंद्र की भाजपा सरकार डिटेंशन सेंटर बना रही है. यह सब यह मुल्क को बांटने की साजिश है.' उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उनकी पूरी सरकार ने संसद में अपनी संख्या बल के बूते नया नागरिकता, कानून पारित कराकर संविधान की आत्मा का कत्ल किया है और इसके जरिए मुल्क के 20 करोड़ लोगों को अलग करने का काम किया है. यह सब भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का प्रयास है.'

VIDEO: दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास महिलाओं का धरना, सरकार की अनदेखी पर जताई नाराजगी

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aziz Qureshi, CAA Protest, UP Govt, Modi Govt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com