अगर आप दमदार माइलेज वाली कार लेना चाहते हैं लेकिन डीजल या CNG की ओर नहीं जाना चाहते हैं तो आपके पास एक शानदान ऑप्शन है. Renault अपनी सबसे चहेती SUV Duster को एक बेहद दमदार Strong Hybrid पावरट्रेन के साथ वापस आ गई है. कंपनी का दावा है कि ये नई Duster Strong Hybrid बाजार में 29 kmpl का जबरदस्त माइलेज और 160 hp की जबरदस्त पावर ऑफर कर रही है. कंपनी इस नई Hybrid SUV को डीजल कारों के एक बहुत ही बजट-फ्रेंडली ऑप्शन के रूप में पेश कर रही है, जो शहर की ड्राइविंग के लिए बैटरी पावर और लंबी दूरी के सफर के लिए पेट्रोल इंजन का एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन पेश करती है.
भारत अभी भी पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों पर शिफ्ट होने से थोड़ा दूर है, ऐसे में Hybrid कारें उन खरीदारों के लिए एक परफेक्ट बीच का रास्ता हैं जो बिना चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर रहे बेहतरीन माइलेज चाहते हैं.
Renault का अपनी इस नई पेशकश के साथ साफ मैसेज दे रही है कि डीजल कारों को भूल जाइए, ये है नई Duster Strong Hybrid. जहां सामान्य डीजल कारें अमूमन 23 से 24 kmpl का माइलेज देती हैं, वहीं कंपनी का दावा है कि उसकी ये नई Hybrid SUV 29 kmpl का माइलेज देती है, जो इसे इस सेगमेंट की सबसे पावरफुल और किफायती गाड़ियों में से एक बनाता है.
Renault Duster की Strong Hybrid टेक्नोलॉजी
नई Duster Strong Hybrid में 1.8-लीटर का चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो दो इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ मिलकर काम करता है. इसमें लगी दोनों मोटर्स क्रमश 20 hp और 49 hp की पावर जनरेट करती हैं, जिससे इस पूरी गाड़ी की कंबाइंड पावर आउटपुट 160 hp तक पहुंच जाती है. ये SUV 208 Nm का मैक्सिमम टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है. बैटरी की बात करें तो इसमें NMC केमिस्ट्री वाला 1.4 kWh (247V) का बैटरी पैक दिया गया है.
आमतौर पर बाजार में मिलने वाली ज्यादातर Hybrid कारें e-CVT गियरबॉक्स का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन Duster में एक मल्टी-मोड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है. इसमें पेट्रोल इंजन के लिए चार गियर्स और इलेक्ट्रिक मोटर्स के लिए दो गियर्स दिए गए हैं, जो ड्राइविंग को बेहद स्मूथ और मजेदार बनाते हैं. इस SUV में 212 mm का बेहतरीन ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है, और Renault का दावा है कि फुल टैंक पेट्रोल होने पर ये कार लगातार 1,400 किमी तक का सफर तय कर सकती है.
यह भी पढ़ें | क्रूज कंट्रोल, सनरूफ और कई प्रीमियम फीचर्स, 9 लाख से कम में बेस्ट SUV, ये वेरिएंट रहेगा बेस्ट
डिजाइन और केबिन के अंदर मिलने वाले फीचर्स
डिजाइन के मामले में ये Strong Hybrid मॉडल दिखने में बिल्कुल पुरानी Duster जैसी ही है, और इसके बाहरी लुक में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. कंपनी के मल्टी-फ्यूल प्लेटफॉर्म RGMP पर बनी इस SUV में सिग्नेचर फ्रंट और रियर एलईडी लाइट्स और 18-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स मिलते हैं. हालांकि, इसके इंटीरियर की सीटिंग और सस्पेंशन में कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं. इसके Hybrid वेरिएंट्स में अब नए 'ड्यून ब्राउन' लेदर की सीटें मिलती हैं. साथ ही इसके सस्पेंशन को अपग्रेड करके Frequency Dependent Damping सिस्टम दिया गया है, जो सफर के आराम को बढ़ाने के साथ-साथ ऊंचे मोड़ों पर बॉडी रोल को काफी कम कर देता है.
कार के केबिन को काफी हाई-टेक और सुविधाजनक बनाया गया है. इसमें 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.1-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलता है. इसके दूसरे प्रीमियम फीचर्स में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो कनेक्टिविटी के साथ वायरलेस चार्जिंग शामिल हैं. इसके अलावा, ड्राइवर की सीट के लिए 6-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, क्रूज कंट्रोल, हिल-स्टार्ट असिस्ट और रियर पार्किंग असिस्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
हालांकि, इसके 1.3-लीटर वाले स्टैंडर्ड मॉडल में मिलने वाले कुछ फीचर्स को इस Hybrid वेरिएंट से बाहर रखा गया है. इसमें आपको Level 2 ADAS फीचर्स, फॉग लैंप्स, फ्रंट और साइड कैमरे, ऑटोमैटिक रेन-सेंसिंग वाइपर्स और 360-डिग्री कैमरा जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी. इसके साथ ही बैटरी पैक रखे होने के कारण इसका बूट स्पेस भी थोड़ा कम होकर 372 लीटर रह गया है, जिसे जरूरत पड़ने पर सीटों को मोड़कर छत तक 544 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है. इसकी कीमत 16.99 लाख रुपये से शुरू होती है.
यह भी पढ़ें | Tata Punch को टक्कर देने Maruti तैयार! इस कार से बाजार में उड़ाएगी गर्दा, जानें फीचर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं