Elon Musk की कंपनी SpaceX ने अपने सैटेलाइट इंटरनेट पोर्टफोलियो को बड़ा अपग्रेड किया है. कंपनी ने नया Starlink Mini 2 लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस नए मॉडल के हार्डवेयर में बहुत बड़ा बदलाव किया है. इस बार इस कॉम्पैक्ट डिवाइस में एक स्वाइपेबल बैटरी दी गई है, जो इसे बाहरी पावर ग्रिड से पूरी तरह फ्री बनाती है. इसके साथ ही, इसके जरिए यूजर्स को पहले से कहीं ज्यादा तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी का अनुभव मिलेगा. पहली जेनरेशन वाले मॉडल में पावर और कनेक्टिविटी को लेकर जो कुछ बाउंड्री थीं, ये नया मॉडल उन्हें पूरी तरह से खत्म करने का काम करता है.
999 डॉलर से प्री-ऑर्डर शुरू
डिजाइन की बात करें तो Starlink Mini 2 का डिश साइज पहले की तरह ही काफी कॉम्पैक्ट और छोटा है, लेकिन अब ये पूरी तरह से पोर्टेबल बन गया है. नए Starlink Mini 2 में 71Wh की एक इन-बिल्ट बैटरी दी गई है, जो सिंगल चार्ज पर लगातार 4.5 घंटे तक का बैकअप देती है. इसकी बैटरी खत्म होने पर यूजर्स बिना किसी पेचकस या टूल के, बहुत ही आसानी से पुरानी बैटरी निकालकर उसमें दूसरी चार्ज्ड बैटरी डाल सकते हैं. अमेरिकी बाजार में Starlink Mini 2 के प्री-ऑर्डर्स 999 डॉलर (प्लस टैक्स) की कीमत पर शुरू हो गए हैं. हालांकि, ये ऑफर अभी सबके लिए ओपन नहीं है और केवल इनविटेशन के जरिए ही सेलेक्टेड ग्राहकों को दिया जा रहा है.
बैटरी बैकअप है सबसे बड़ा अपग्रेड
इस नए मॉडल में मिलने वाली स्वाइपेबल बैटरी ही इसे पिछले Starlink Mini के मुकाबले एक बिल्कुल अलग और प्रीमियम गैजेट बनाती है. पुराने Starlink Mini को चलाने के लिए हमेशा किसी न किसी बाहरी पावर सोर्स (जैसे बिजली का प्लग या बड़ा पावर बैंक) की जरूरत होती थी, जिससे उसे सफर में ले जाना थोड़ा असुविधाजनक था. लेकिन अब इस बैटरी पावर्ड एडिशन के आ जाने के बाद, आपको वर्क फ्रॉम होम (रिमोट वर्क), जंगल में कैंपिंग ट्रिप्स या लंबी यात्राओं के दौरान भारी-भरकम बिजली हार्डवेयर या एक्स्ट्रा केबल्स साथ ले जाने की कोई जरूरत नहीं होगी.
SpaceX ग्राहकों को लुभाने के लिए 999 डॉलर (लगभग 84,000 रुपये) का एक बहुत ही शानदार प्री-ऑर्डर पैकेज दे रही है. इस पैकेज में Starlink Mini 2 का पूरा हार्डवेयर शामिल है, इसके साथ 12 महीनों (1 साल) के लिए Roam Unlimited इंटरनेट सर्विस का सब्सक्रिप्शन भी बिल्कुल मुफ्त दिया जा रहा है. आपको बता दें कि केवल इस सब्सक्रिप्शन की ही बाजार में कीमत लगभग 2,100 डॉलर (करीब 1.76 लाख रुपये) है. जो ग्राहक इस डिवाइस को खरीदना चाहते हैं, वे केवल 100 डॉलर का रिफंडेबल डिपॉजिट देकर अपनी बुकिंग करवा सकते हैं. उम्मीद है आने वाले समय में इसको भारत में भी पेश किया जाएगा.
यह भी पढ़ें | थर्ड-पार्टी ऐप्स का झंझट खत्म! Samsung के फोन में सीधे रिकॉर्ड होगी WhatsApp कॉल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं