- जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी
- 2019 में विजय ने कैलाश नामक युवक की हत्या की थी, जिसके बेटे हनीश ने बदला लिया है
- हनीश गोल्या और उसके साथी कैंपर गाड़ी से विजय का पीछा कर उसकी हत्या की साजिश रच चुके थे
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार को हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई. करधनी थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर में हुई इस वारदात के पीछे 7 साल पुरानी रंजिश सामने आई है. आरोप है कि विजय ने साल 2019 में कैलाश नाम के युवक की हत्या की थी. अब कैलाश के बेटे हनीश गोल्या ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर विजय की हत्या कर दी.
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि रात करीब 8 बजे हमें इस घटना की सूचना मिली थी. विजय बाजिया ने 2019 में कैलाश नाम के व्यक्ति की हत्या की थी. इसको लेकर यह रंजिश चल रही थी. आरोपी घटना के बाद भाग रहे थे. सुबह 4 बजे हमें इनकी सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने इनका पीछा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
हनीश हत्या का मुख्य आरोपी
हत्या के आरोपी हनीश गोल्या, युवराज चौधरी, दिनेश और कमलेश चारों जोबनेर के रहने वाले हैं. हनीश इस मामले में मुख्य आरोपी है. विजय ने हनीश के पिता कैलाश की हत्या की थी. इसको लेकर बार बार इनका टकराव हुआ था. कल भी इनके बीच विवाद हुआ. इसके बाद इन्होंने ये प्लान बनाया. विजय का पीछा करके उसकी हत्या कर दी. चार आरोपियों में से तीन के ऊपर कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. इसलिए मामला पुरानी रंजिश का ज्यादा लगता है. पूछताछ में इन्होंने यह बात कबूल की है कि उन्हें अब कोई रास्ता नहीं दिखा था. इसलिए वे सरेंडर करने के लिए पुलिस स्टेशन ही आ रहे थे.
7 साल पहले शराब के ठेके से शुरू हुआ विवाद
आरोपियों को पकड़ने के लिए एसीपी शिव कुमार भारद्वाज, करधनी एसएचओ सवाई सिंह के नेतृत्व में पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. पुलिस के अनुसार, विजय ने साल 2019 में एक शराब के ठेके पर कैलाश की हत्या कर दी थी. इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जेल से बाहर आने के बाद कैलाश का बेटा हनीश कई बार विजय पर हमला कर चुका था. जोबनेर इलाके में विजय पर 4 से 5 बार हमले किए गए थे. इनमें से कुछ मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज की थी, जिनकी जांच जारी है.
रच रखी थी हत्या की पूरी साजिश
पुलिस के मुताबिक, हनीश और उसके साथी कैंपर गाड़ी से दोपहर करीब 3 बजे से विजय का पीछा कर रहे थे. शाम करीब 7:15 बजे जब विजय कालवाड़ स्थित अपने घर के लिए निकला तो बदमाशों ने कैंपर से उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद विजय की गाड़ी बंद हो गई. उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन हनीश हाथ में कुल्हाड़ी लेकर उसके पीछे दौड़ा और हमला कर उसकी हत्या कर दी.
ये भी पढ़ें:- 'हैप्पी दिवाली, सबको मार दूंगा'; फरीदाबाद में पूर्व टेक महिंद्रा एग्जीक्यूटिव की हत्या का CCTV सामने आया
जानकारी के अनुसार, विजय और कैलाश के घरों के बीच करीब 500 मीटर का फासला है. दोनों पहले साथ रहते थे, लेकिन किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था. इसके बाद कैलाश ने भी विजय को मारने का प्रयास किया था. बाद में साल 2019 में विजय ने कैलाश की हत्या कर दी थी. इसके बाद से कैलाश का परिवार बदला लेने की फिराक में था.
हत्या की सूचना पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बनाए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इनके आधार पर कैंपर गाड़ी के नंबर की पहचान की गई. पुलिस ने हत्या के इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है.
ये भी पढ़ें:- CCTV में कैद खौफनाक मर्डर: पुणे में हिस्ट्रीशीटर को घेरकर तलवार-डंडों से मौत के घाट उतारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं