उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत (जहाज) पर हुए हमले में देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरौली गांव के रहने वाले भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
सिंगापुर की शिपिंग कंपनी में कार्यरत थे शिवानंद
मिली जानकारी के मुताबिक, शिवानंद चौरसिया सिंगापुर की एक शिपिंग कंपनी के पोत पर वेल्डर के रूप में कार्यरत थे. वह करीब सात महीने पहले ही अपनी नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे. बताया जा रहा है कि जब उनका पोत ओमान की खाड़ी के पास होर्मुज जलडमरूमध्य (इलाके) से गुजर रहा था, तभी अचानक उस पर हमला हो गया. इस हमले में शिवानंद ने अपनी जान गंवा दी.
छोटे भाई ने फोन पर दी हादसे की जानकारी
इस दर्दनाक घटना की जानकारी सबसे पहले दुबई में कार्यरत उनके छोटे भाई रामप्रवेश चौरसिया को मिली. गुरुवार सुबह उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए देवरिया में रह रहे अपने परिवार को इस दुखद खबर से अवगत कराया. इसके बाद देवरिया जिला प्रशासन ने भी आधिकारिक तौर पर परिजनों से संपर्क कर इस घटना की पुष्टि की. जैसे ही यह सूचना घर पहुंची, वैसे ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिवार के बड़े बेटे थे शिवानंद, पीछे छोड़ गए मासूम बच्चे
मृतक शिवानंद अपने परिवार के बड़े बेटे थे और पूरे घर की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनके परिवार में पिता रामजी चौरसिया, माता कलावती देवी, पत्नी सुशीला, पांच वर्षीय पुत्र राजवीर और दो वर्षीय पुत्री वानिका हैं. पिता और पति को खोने के बाद मासूम बच्चों और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की खबर क्षेत्र में फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों के लोग शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके घर पहुंचने लगे हैं.
प्रशासन ने बंधाया ढांढस, आर्थिक सहायता की मांग
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसील प्रशासन के अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. इस समय पूरे गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों और परिजनों ने सरकार से मांग की है कि मृतक के परिवार को अविलंब उचित आर्थिक सहायता और हरसंभव मदद प्रदान की जाए.
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में होटल कारोबारी की हत्या का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, बुलडोजर एक्शन से पहले लगी याचिका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं