उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा के पुलिस थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ दो मजदूरों की मौत हो गई. ये दोनों मजदूर नोएडा के सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन 'एटीएस पिक्चर्सक्यू रिप्राइव' (ATS Picturesque Reprives) सोसाइटी में काम कर रहे थे. इस दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों मजदूरों की जान चली गई. मृतकों की शिनाख्त पश्चिम बंगाल के रहने वाले अब्दुल समद और रईसुल हक के रूप में हुई है.
सेफ्टी बेल्ट टूटने से हुआ हादसा
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की मीडिया सेल से मिली जानकारी के मुताबिक, आज दोनों मजदूर अब्दुल समद और रईसुल हक एटीएस पिक्चर्सक्यू रिप्राइव सोसाइटी की बिल्डिंग में काफी ऊंचाई पर शटरिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उनकी सेफ्टी बेल्ट टूट गई, जिससे दोनों असंतुलित होकर सीधे नीचे आ गिरे. हादसे के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही है सुरक्षा मानकों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच कर रही है.
ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में लगातार हो रहे हादसे
बता दें कि ग्रेटर नोएडा की आसमान छूती बिल्डिंगें अब सुरक्षित नहीं रह गई हैं और आए दिन इनमें जानलेवा हादसे हो रहे हैं. इससे पहले, छह जून को ग्रेटर नोएडा की ही 'अरिहंत अंबर' सोसाइटी में बिल्डिंग का प्लास्टर गिरने से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी. शाम के वक्त विकास चावला नामक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उन पर बिल्डिंग का प्लास्टर टूटकर गिर गया. प्लास्टर गिरने से उनकी चलती बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ेंः जगुआर कार बनी आग का गोला: यमुना एक्सप्रेसवे पर जलकर राख हुई लग्जरी कार, 4 लोगों ने कूदकर बचाई जान
यह भी पढ़ेंः ग्रेटर नोएडा की अरिहंत अंबर सोसाइटी में हादसा, बिल्डिंग का प्लास्टर गिरने से बाइक सवार की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं