विज्ञापन

यूपी चुनाव को लेकर चिराग पासवान का बड़ा ऐलान, कहा- गठबंधन में बात नहीं बनी तो 403 सीटों पर उतारूंगा कैंडिडेट

चिराग पासवान ने कहा कि यदि गठबंधन को लेकर सहमति नहीं बनती है तो उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार में उनकी पार्टी गठबंधन का हिस्सा है, जबकि नगालैंड में बिना गठबंधन चुनाव लड़कर भी पार्टी ने सफलता हासिल की है.

यूपी चुनाव को लेकर चिराग पासवान का बड़ा ऐलान, कहा- गठबंधन में बात नहीं बनी तो 403 सीटों पर उतारूंगा कैंडिडेट
NDTV

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है. वाराणसी में उन्होंने साफ कहा कि अगर गठबंधन को लेकर बात नहीं बनती है तो उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. 

वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि वह इस बात को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं कि केंद्र में उनका गठबंधन है, बिहार में वह एनडीए का हिस्सा हैं और झारखंड में भी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ चुके हैं, जहां उनकी पार्टी के विधायक मौजूद हैं.

उन्होंने कहा, "मेरा केंद्र में गठबंधन है, मेरा बिहार में एनडीए के साथ गठबंधन है. हमने झारखंड में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा, वहां हमारे विधायक हैं. नागालैंड इसका उदाहरण है, जहां हमने बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ा और हमारे दो विधायक हैं. अगर गठबंधन नहीं बैठ पाया तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संभवतः उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी."

चिराग के इस बयान ने यूपी में आगामी चुनावी समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. माना जा रहा है कि पार्टी राज्य में अपने संगठन और राजनीतिक आधार को विस्तार देने की तैयारी में है.

विपक्ष को घेरा

वाराणसी में ही चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस को लेकर विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बनारस की जनता ने प्रधानमंत्री को देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का आशीर्वाद दिया है.

चिराग ने कहा, "मुझे लगता है कि बनारस की जनता ने प्रधानमंत्री जी को यहां से जिताकर अपना आशीर्वाद देने का काम किया है. ऐसे में जो लोग कहते हैं कि वे बनारस आकर विकास करेंगे, उन्हें यह भी देखना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता ने उन्हें भी पीढ़ियों तक अवसर दिया. अगर विकास की सोच इतनी ही मजबूत होती तो आज प्रधानमंत्री जी को यह काम नहीं करना पड़ता."

यूपी में सियासी हलचल तेज

चिराग पासवान का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीतियां तैयार करने में जुटे हैं. अगर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) गठबंधन से अलग राह चुनती है और सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारती है, तो इससे राज्य के चुनावी समीकरणों पर असर पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: यूरोप के कई देशों में फ्लाइट्स को मिली बम की धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग से मचा अफरा-तफरी, अब क्या हैं हालात?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chirag Paswan, UP Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com