मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम में गश्त के दौरान एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने पुलिसकर्मियों और थाना मोबाइल जीप को ऐसी टक्कर मारी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसका वीडियो देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
मेरठ के माधवपुरम इलाके में देर रात थाना मोबाइल, फैंटम और पीआरवी की गश्त का मिलान चल रहा था। पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े होकर ड्यूटी संबंधी जानकारी साझा कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार से आई एक इनोवा कार ने पुलिस जीप और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी.
भीषण टक्कर में पुलिस की जीप क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई और कई पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सात पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि हुई. इस हादसे में हेड कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, रविन्द्र मालिक, अजय कुमार और विक्रम सिंह कांस्टेबल लोकेंद्र, कपिल भाटी, होमगार्ड राजेश कुमार घायल हुए हैं.
दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
मेरठ में 21 जून की रात हुए इस हादसे में घायलों में दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि पांच अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने हादसे के बाद इनोवा कार को कब्जे में ले लिया है और चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. वहीं, जांच इस बात की भी की जा रही है कि यह महज लापरवाही से हुआ हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बता दें कि जिस तरह से तेज रफ्तार इनोवा ने पुलिसकर्मियों को अपनी चपेट में लिया, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जब सड़क पर ड्यूटी कर रही पुलिस टीम ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- VIDEO: नशे की हालत में लड़की का हाईवोल्टेज ड्रामा, युवक को थप्पड़ जड़ा, पुलिसवाले से की अभद्रता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं