उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से कानून-व्यवस्था और इंसानियत को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के थाना सोरों क्षेत्र के एक गांव में भीड़ का खौफनाक और अमानवीय चेहरा देखने को मिला. ग्रामीणों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को न सिर्फ अर्धनग्न कर जूतों-चप्पलों की माला पहनाई और मुंह काला किया, बल्कि उसे बेरहमी से पीटते हुए पूरे गांव में घुमाया. हद तो तब हो गई, जब दबंगों ने बुजुर्ग का सिर पकड़कर कई बार पेड़ से टकराया. इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
यह पूरी घटना सोरों थाना क्षेत्र के नगला पलटू गांव की है. जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग रामविलास पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वह अक्सर गांव की महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करता था और गलत भाषा का इस्तेमाल करता था. बुजुर्ग की इसी हरकत से नाराज महिलाओं के परिजनों और कुछ स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने कानून को अपने हाथ में ले लिया. सजा देने के नाम पर बुजुर्ग को बंधक बना लिया गया और फिर शुरू प्रताड़ना का वो दौर हुआ, जिसने न सिर्फ पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है, बल्कि कानून व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जागी पुलिस
दबंगों ने न सिर्फ बुजुर्ग के साथ मारपीट की, बल्कि इस पूरी अमानवीय घटना का बकायदा वीडियो भी बना लिया, जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, तब जाकर महकमा हरकत में आया. आनन-फानन में सोरों थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और पीड़ित बुजुर्ग को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर मामले की छानबीन शुरू की.
दर्ज केस, हिरासत में लिए गए तीन आरोपी
इस पूरे मामले पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग रामविलास की शिकायत के आधार पर गांव के दबंगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस पूरे मामले पर कासगंज के सीओ सदर अंचल चौहान ने बताया कि सोरों क्षेत्र के नगला पलटू गांव में एक व्यक्ति के साथ स्थानीय लोगों की ओर से अमर्यादित और अमानवीय व्यवहार किए जाने की सूचना मिली थी.
यह भी पढ़ें- शादी से दो दिन पहले दुल्हन और माता-पिता ने खत्म कर ली जिंदगी; सुसाइड नोट में बताई ये खौफनाक कहानी
जांच में सामने आया है कि अमानवीयता के शिकार हुए बुजुर्ग ने गांव की कुछ महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां की थी, जिससे आक्रोशित होकर महिलाओं के परिजनों ने उसके चेहरे पर कालिख पोती, मारपीट की और गांव में घुमाया. पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- रेल मंत्री ने दी बड़ी सौगात: अब हर दिन चलेंगी मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन , रेलवे ने जारी किया टाइम-टेबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं