मेरठ में एक युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा कैमरे में कैद हो गया है, जहां नशे की हालत में उसने सड़क पर जमकर हंगामा किया. युवती ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की, उनकी बात अनसुनी की और यहां तक कि बीच-बचाव करने आए एक युवक को थप्पड़ भी मार दिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सड़क पर हंगामा, नहीं मान रही थी किसी की बात
यह मामला मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवती नशे की हालत में बीच सड़क पर हंगामा कर रही है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे शांत कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं होती. इस दौरान वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई और कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे.
पुलिस से की अभद्रता, युवक को मारा थप्पड़
वीडियो में युवती खुद कहती नजर आ रही है कि वह अपने दोस्त यानी बॉयफ्रेंड से मिलने आई है. इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों से बहस करती है और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है. जब एक युवक उसे समझाने की कोशिश करता है, तो युवती अचानक उसे थप्पड़ मार देती है. इस घटना से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह जाते हैं.
लोगों की भीड़, ट्रैफिक हुआ प्रभावित
स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवती काफी देर तक हाईवे पर हंगामा करती रही, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. धीरे-धीरे वहां भीड़ भी बढ़ती गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पुलिसकर्मियों ने पूरे समय संयम बनाए रखा और स्थिति को संभालने की कोशिश करते रहे.
पुलिस ने की कार्रवाई, गाड़ियां भी सीज
इस मामले में सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि युवती और उसके दो साथियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है. साथ ही उनकी दो कारों को भी सीज कर दिया गया है. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पुलिस के धैर्य की सराहना कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं