- यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने टीम का गठन कर संगठन को मजबूत करने पर छह महीनों में विशेष ध्यान दिया है.
- राज्य के सभी बूथों पर कमेटियां बनाकर संगठन को ग्राम पंचायत से लेकर क्षेत्र स्तर तक गतिशील किया गया है.
- चौधरी सप्ताह में पांच दिन राज्य के दौरे पर रहेंगे और दो दिन लखनऊ में बैठकों के जरिए कार्यों की समीक्षा करेंगे.
UP बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपनी टीम का गठन कर लिया है. शुक्रवार को वे नई टीम के साथ लखनऊ बीजेपी ऑफ़िस में पहली बैठक करेंगे. इसके बाद सभी नए पदाधिकारियों को ज़िम्मेदारियां भी दे दी जाएंगी. पार्टी सूत्रों के अनुसार पंकज चौधरी ने कमान संभालने के बाद से ही पिछले छह महीनों में पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया है. राज्य के सभी 1.77 लाख बूथों पर बूथ कमेटियों का न केवल गठन कर लिया गया है बल्कि इनका सत्यापन भी हो गया है. उसके ऊपर शक्ति केंद्र, ग्राम पंचायत, तहसील, जिला और क्षेत्र स्तर पर संगठन को गतिशील कर दिया गया है. राज्य में अधिकांश बोर्ड, निगम आदि का गठन कर कार्यकर्ताओं को नियुक्त कर दिया गया है.
पदाधिकारियों को काम बांटने के बाद राज्य का दौरा
चौधरी पदाधिकारियों को दायित्व वितरण करने के बाद राज्य के दौरे पर निकलेंगे. सभी छह क्षेत्रों को कवर करेंगे. बीजेपी सूत्रों के अनुसार वे सप्ताह में पाँच दिन राज्य के दौरे पर रहेंगे और बाकी दो दिन लखनऊ में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की दृष्टि से दी गईं ज़िम्मेदारियों और सांगठनिक कार्यों के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे. इसके बाद, वे फिर से दौरे पर निकल जाएंगे.
सूत्रों के अनुसार चौधरी ने पिछले छह महीनों में अधिकांश क्षेत्रों का दौरा कर लिया है. उनकी सक्रियता उन आशंकाओं को ख़ारिज कर रही है जिनमें कहा गया था कि वे स्वास्थ्य की स्थिति और अन्य कारणों से अधिक सक्रिय नहीं हो पाएंगे.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जीवंत संवाद और संपर्क स्थापित किया. वे हर दिन सैंकड़ों कार्यकर्ताओं से मिलते हैं. एक नेता ने कहा कि पिछले छह महीने में उन्होंने करीब दो लाख कार्यकर्ताओं के साथ फोटो खिंचवाई है. यह अपने आप में इस बात का सबूत है कि वे किस तरह लगातार कार्यकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर रहे हैं.
भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। @NitinNabin @mppchaudhary @idharampalsingh pic.twitter.com/jOu52lsTlc
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) June 25, 2026
पिछले चुनाव में जिन सीटों पर मिली हार, वहां ज्यादा जोर
सूत्रों के अनुसार बीजेपी संगठन में अब पहले की तुलना में अधिक गति आई है. कार्यकर्ताओं में 2024 की तरह शिथिलता नहीं दिख रही. पार्टी ने उन सीटों पर विशेष जोर लगाया है, जहां वह पिछले विधानसभा चुनाव में हार गई थी. हालांकि करीब 20-22 सीटें ऐसी हैं जो बीजेपी ने अधिक मुस्लिम आबादी के कारण कभी नहीं जीती और पार्टी उन पर अपनी ऊर्जा व्यर्थ नहीं करेगी.
चुनाव के कारण राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कड़ी कार्रवाई
बीजेपी नेता यह मानते हैं कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी, नीट पेपर लीक और यूजीसी गाइडलाइन के विवाद के कारण उत्तर प्रदेश में कुछ चुनौतियां हैं. राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों के चलते लोगों के मन में संदेह भी उत्पन्न हुआ है. इसीलिए इसमें कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया गया है. एफआईआर की गई है और कड़ी कार्रवाई हो रही है.
दोषियों को सजा मिलने और लूटी गई रकम बरामद करने से इसे लेकर बनी नकारात्मकता दूर हो सकती है. पार्टी नेता यह भी कहते हैं कि इस मामले में चंपत राय की भूमिका की भी छानबीन हो रही है. अगर वे इसमें शामिल पाए जाते हैं तो इससे जनधारणा विपरीत बनने का अधिक खतरा है. अब चंपत राय और अनिल मिश्र ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है.
सरकार और संगठन में तालमेल
2027 के चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी का संगठन सरकार के साथ तालमेल बैठा कर चल रहा है. चौधरी की टीम के गठन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राय भी ली गई. इसी तरह आगे भी चुनावी मुद्दे तय करने से संगठन के अन्य बड़े फ़ैसले सरकार और संगठन मिल कर करेंगे.
एक नेता के अनुसार नई टीम के गठन में भी स्पष्ट दिख रहा है कि चौधरी वरिष्ठ नेताओं की पसंद का ध्यान रख रहे हैं. हालांकि यह साफ कहा गया है कि टीम में जगह मिलने का अर्थ यह नहीं है कि विधानसभा चुनाव लड़ने का टिकट भी मिल जाएगा. इसके लिए जीतने की क्षमता सबसे बड़ा पैमाना होगा.
यह भी पढ़ें - अखिलेश के PDA की काट, OBC कार्ड और ब्राह्मणों पर जोर, यूपी बीजेपी की टीम ने साधे सामाजिक समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं