प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की सक्रिय राजनीति में अलग- अलग नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं. कोई कांग्रेस के इस फैसले की आलोचना कर रहा है तो कोई इसे सही कदम बता रहा है. मगर उत्तर प्रदेश के बलिया से भाजपा विधायक ने तो आलोचना की सीमा ही लांघ दी और प्रियंका गांधी वाड्रा को रामायण की शुर्पणखा बता दिया. दरअसल, मंगलवार को भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 'रावण' और उनकी बहन प्रियंका गांधी को 'शूर्पणखा' बताया है. बता दें कि कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाया है और उन्हें पूर्वी यूपी की कमान दी है.
'खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते': प्रियंका गांधी की एंट्री पर नीतीश के मंत्री का बयान
बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने पत्रकार के सवाल पर कहा कि कांग्रेस एक टूटी हुई नौका हो चुकी है. वो तो केवल एससी-एसटी एक्ट के कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश में जीत गई. आप जानते हैं कि जब राम और रावण का युद्ध होने वाला था तो पहले रावण ने अपनी बहन शूर्पणखा को भेजा था. राम की भूमिका में मोदी हैं और रावण की भूमिका में राहुल हैं जिन्होंने अपनी बहन शूर्पणखा को उतारा है. मान कर चलिये कि लंका विजय हो गयी. इसमें कोई संदेह नहीं है कि मोदी फिर से भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे.
Siyasat ki zubaan aisi bhi hai...Ballia se BJP MLA Surendra Singh ko suniye.. pic.twitter.com/sOr1AqzKEG
— Kamal khan (@kamalkh88221860) January 30, 2019
इतना ही नहीं, आगे उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति की लंगोट हैं पीएम मोदी. बता दें कि सुरेंद्र सिंह पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर चुके हैं. इससे पहले बिहार में बीजेपी के मंत्री ने भी प्रियंका गांधी पर विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते.
बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा ने प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने पर कहा, "खूबसूरत चेहरों के दम पर वोट नहीं जीते जा सकते... इससे भी बढ़कर तथ्य यह है कि वह रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं, जिन पर भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है. वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन उसके अलावा उनकी कोई राजनैतिक उपलब्धि नहीं है."
जब अमेठी-रायबरेली में गली-गली घूमी थीं प्रियंका फिर भी हारी थी कांग्रेस, अब 'ट्रंप कार्ड' कैसे?
दरअसल, यूपी में प्रियंका को पूर्वी यूपी की कमान सौंपने के फैसले को लोकसभा चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. अब यह चर्चा तेज हो गई है कि प्रियंका के आने से यूपी में त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है. पहले सपा-बसपा और सीधे बीजेपी के बीच लड़ाई थी, मगर अब चुनावी जंग में कांग्रेस वापस आ गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं