विज्ञापन

राम मंदिर पहले CEO जितेंद्र मिश्रा अयोध्या पहुंच संभाला कार्यभार; बोले- राष्ट्र सेवा के बाद अब रामलला की सेवा

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO के रूप में एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा ने अयोध्या पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया है. उन्होंने इस जिम्मेदारी को भगवान राम का आशीर्वाद बताते हुए राम मंदिर और श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प जताया.

अयोध्या पहुंचे जितेंद्र मिश्रा, संभाला कार्यभार; बोले- भगवान राम और भक्तों की सेवा का अवसर मिला
अयोध्या:

अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे में गुरुवार से एक नए युग की शुरुआत हो गई. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किए गए एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा ने अयोध्या पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली. राम मंदिर के इतिहास में पहली बार CEO पद का सृजन किया गया है. प्राण प्रतिष्ठा के बाद लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और मंदिर से जुड़े प्रशासनिक दायित्वों को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अब दर्शन व्यवस्था, मंदिर परिसर का संचालन, श्रद्धालु सुविधाएं और ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों को नई व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा.

राम मंदिर में पहली बार CEO की नियुक्ति

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं पेशेवर बनाने के उद्देश्य से पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की है. इसके तहत भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. अयोध्या पहुंचने के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया. इसके साथ ही राम मंदिर के प्रशासनिक प्रबंधन में एक नई व्यवस्था लागू हो गई है.

बढ़ती श्रद्धालु संख्या के बीच बड़ी जिम्मेदारी

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. देश ही नहीं बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. ऐसे में दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, मंदिर परिसर का संचालन, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार और ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करना नई व्यवस्था की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा. माना जा रहा है कि CEO की नियुक्ति से मंदिर प्रबंधन को संस्थागत मजबूती मिलेगी.

कार्यभार संभालने पहुंचे जितेंद्र मिश्रा ने क्या कुछ कहा?

अयोध्या पहुंचने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वह पहली बार अयोध्या आए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की घोषणा से पहले वह कार्यभार को पूरी तरह समझना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘यह नयी जिम्मेदारी मिलने के बाद मैं पहली बार अयोध्या पहुंचा हूं. मुझे पहले जाने दीजिए, कार्यभार संभालने दीजिए और सब कुछ समझने दीजिए. इसके बाद सारी योजनाओं के बारे में आपको बताया जायेगा.‘ उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता संगठन और व्यवस्थाओं को समझना है, जिसके बाद आगे की रणनीति पर काम किया जाएगा.

भगवान राम का आशीर्वाद बताया नियुक्ति को

जितेंद्र मिश्रा ने चयन समिति और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस नियुक्ति को भगवान राम का आशीर्वाद मानते हैं. उन्होंने कहा, ‘मेरा हृदय कृतज्ञता से भरा हुआ है और मैं आज खुद को सबसे भाग्यशाली व्यक्ति मानता हूं कि मुझे अपने जीवन में दो बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई. एक बार राष्ट्र सेवा के लिए और अब श्री राम मंदिर और श्री राम के भक्तों के संगठन और प्रशासन के लिए.‘

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान संभाली थी अहम जिम्मेदारी

62 वर्षीय जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल रहे हैं. वह 30 अप्रैल 2026 को पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख के रूप में सेवानिवृत्त हुए थे. सेना में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायुसेना कमान का नेतृत्व उनके पास था. प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए ही उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

अयोध्या के विकास से हैं परिचित

जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से आते हैं और गोरखपुर तथा वाराणसी की यात्रा करते रहते हैं. इसलिए वह राज्य और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों से परिचित हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं इस राज्य से हूं और देवरिया, गोरखपुर और वाराणसी की यात्रा करता रहता हूं. काशी प्रगति कर रही है, हमारा राज्य और हमारा देश भी प्रगति कर रहा है और अयोध्या भी उसी तरह प्रगति कर रहा है.‘  उन्होंने अयोध्या में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि यह परिवर्तन देश के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का प्रतीक है.

ट्रस्ट में हाल के दिनों में हुए कई बदलाव

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पिछले कुछ समय के दौरान संगठनात्मक स्तर पर कई बदलाव किए गए हैं. CEO पद की स्थापना भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा मानी जा रही है. मंदिर निर्माण के अंतिम चरण, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और विस्तारित परिसर के संचालन को देखते हुए ट्रस्ट प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक मजबूत और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें : बीता समय भूलें, आगे अच्छा होगा... राम मंदिर के CEO बनने के बाद जीतेंद्र मिश्रा का पहला बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayodhya Ram Mandir, Ram Mandir CEO, Jitendra Mishra, Air Marshal Jitendra Mishra, Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com