विज्ञापन

प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत: CCTV में छत से कूदते दिखे दीपक, कमरे में खून से सना ग्राइंडर म‍िला

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. कमरे से खून से सना ग्राइंडर मिला है, जबकि CCTV में वह छत से कूदता दिख रहा है. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है.

प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत: CCTV में छत से कूदते दिखे दीपक, कमरे में खून से सना ग्राइंडर म‍िला
प्रेमानंद महाराज के श‍िष्‍य दीपक की मौत का मामला.
  • वृंदावन के गुरु कृपा कुंज आश्रम में हुई घटना, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी
  • कमरे से खून से सना ग्राइंडर बरामद, CCTV फुटेज और मोबाइल फोन की पड़ताल जारी
  • परिजनों ने लगाया मिलने नहीं देने का आरोप, आश्रम प्रबंधन की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी उर्फ दीपक लोधी की मौत से हड़कंप मच गया है. मामला कोतवाली वृंदावन क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम का है. घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है. अब इस मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसका प्राइवेट पार्ट कटा हुआ पाया गया. ऐसे में मामला केवल आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या की आशंका भी पैदा कर रहा है. गंभीर हालत में उसे सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

पहली नजर में आत्महत्या का मामला

पुलिस का कहना है कि पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. मृतक के कमरे से एक ग्राइंडर बरामद हुआ है, जिस पर खून के निशान मिले हैं. आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले अपना प्राइवेट पार्ट काटा और उसके बाद चौथी मंजिल से छलांग लगा दी. हालांकि पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों कोणों से जांच कर रही है.

दीपक की मौत के बाद पुलिस ने उसके कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया. फोरेंसिक टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कोई व्यक्ति आत्महत्या से पहले स्वयं अपना प्राइवेट पार्ट काट सकता है. इस प्रश्न का उत्तर जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा.

सितंबर 2025 में ली थी दीक्षा

दीपक पिछले दो वर्षों से प्रेमानंद महाराज से जुड़ा हुआ था. उसने सितंबर 2025 में दीक्षा ग्रहण की थी, जिसके बाद उसका नाम रसिक दुलारी शरण रखा गया. वह वृंदावन में रहकर भजन-साधना करता था. दीपक को बिजली का कार्य आता था और वह केली कुंज आश्रम में बिजली से संबंधित काम करता था. जून 2026 से वह गुरु कृपा कुंज आश्रम की तीसरी मंजिल पर रह रहा था. उसने दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की थी.

आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को तुरंत सूचना क्यों नहीं दी?

घटना के बाद एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को तत्काल सूचना क्यों नहीं दी. पुलिस को घटना की जानकारी अस्पताल से मिली, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और अस्पताल पहुंची. वहां उसे प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत की सूचना मिली.

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद स्पष्ट होगा कि सूचना देने में देरी क्यों हुई. यह भी संभव है कि आश्रम प्रबंधन पहले उसका इलाज कराने में जुटा हो, लेकिन आश्रम की ओर से सुबह से लेकर शाम तक किसी तरह की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई. यदि लापरवाही पाई जाती है तो पुलिस इस संबंध में भी कार्रवाई कर सकती है.

कमरे से मिला खून से सना ग्राइंडर

घटना के बाद पुलिस ने मृतक दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण के कमरे की तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक खून से सना ग्राइंडर बरामद हुआ. पुलिस का मानना है कि इसी उपकरण से उसका प्राइवेट पार्ट काटा गया हो सकता है. इसके अलावा पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन भी मिला है. मोबाइल को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृत्यु से पहले उसने किन-किन लोगों से बातचीत की थी और उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी.

CCTV फुटेज में सामने आईं अंतिम गतिविधियां

इस मामले में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो लगभग तीन मिनट का है. फुटेज में दीपक की अंतिम गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. वीडियो में वह पहले चौथी मंजिल की छत पर जाता दिखाई देता है. इसके बाद वह बाउंड्री वॉल पर बैठता है, फिर लेट जाता है और कुछ देर बाद नीचे कूद जाता है. पुलिस ने संबंधित डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है. आश्रम में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

परिजनों ने कही यह बात

घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी. परिजन देर रात केली कुंज आश्रम पहुंचे और बाद में पोस्टमार्टम गृह भी गए. मृतक के जीजा सोनू ने बताया कि उन्हें रात में सूचना मिली थी कि दीपक गिर गया है और उसका ऑपरेशन होना है. जब वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.

जब उनसे पूछा गया कि दीपक का प्राइवेट पार्ट कटा होने की जानकारी उन्हें थी या नहीं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भी वे प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दीपक से मिलने आते थे, उन्हें उससे मिलने नहीं दिया जाता था. हालांकि इसके अलावा उन्होंने कोई अन्य आरोप नहीं लगाया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?

टीटीसीओ वृंदावन संदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार प्राइवेट पार्ट कटा हुआ पाया गया है. साथ ही छत से कूदने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होना मृत्यु का प्रमुख कारण माना जा रहा है. मृतक के शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं. उसका एक पैर भी टूटा हुआ पाया गया है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक रिपोर्ट, मोबाइल डेटा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश छिपी हुई है.

यह भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की हत्या या आत्महत्या? मौत पर उठ रहे हैं ये 5 सवाल 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Premanand Maharaj, Uttar Pradesh, Vrindavan, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com