अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा (रिटायर्ड) नियुक्त हुए हैं. सीईओ बनने के बाद उनका पहला बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि इतने सारे उम्मीदवारों में से मुझे चुना गया. मैं इसे भगवान राम का आशीर्वाद भी मानता हूं कि एयर फोर्स में देश की 43 साल की सेवा के बाद, उन्होंने मुझे श्री राम मंदिर और श्री राम भक्तों की सेवा करने का मौका दिया है.
'मैं भगवान राम का आभारी'
चयन समिति का पूरा प्रोसेस सार्वजनिक था. मैं चयन समिति, राम मंदिर ट्रस्ट और भगवान श्री राम का आभारी हूं, मुझे ये अवसर मिला. मैं पूरा प्रयास करूंगा कि जिम्मेदारी ठीक से निभा पाऊं. मैं बीते समय की नहीं आने वाले समय की बात करना चाहूंगा. आने वाला समय अच्छा होगा. भगवान राम की कृपा से आगे सब अच्छा होगा.
ट्र्स्ट ने नियुक्त किया पहला CEO
बता दें कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को सीईओ नियुक्त किया. वहीं, स्वामी गोविंददेव गिरि को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके साथ ही न्यास में रिक्त तीन पदों पर महेश भागचंदका, मदन मोहन पांडे और डॉ. निर्मला यादव को नया न्यासी नियुक्त किया गया है.
सीईओ के चयन के लिए गठित समिति की अनुशंसा पर विचार करने के बाद न्यास ने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति को मंजूरी दी. न्यास के अनुसार, मिश्रा ने भारतीय वायुसेना में करीब 39 साल तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और उन्हें नेतृत्व का लंबा अनुभव है.
न्यास की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है. न्यास ने पिछले साल हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर' का संचालन भी उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में होने की बात कही है. उम्मीद जताई गई है कि जितेंद्र मिश्रा शीघ्र ही सीईओ का कार्यभार संभालेंगे. राम मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच सीईओ के सामने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की चुनौती होगी. मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा, कर्मचारी व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच समन्वय उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा.
यह भी पढ़ें: कारगिल, ऑपरेशन सिंदूर में PAK को धोया, सर्वोच्च युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित... राम मंदिर के नए CEO को जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं