- 30 लाख से ज्यादा दीप, 2100 ड्रोन और भव्य आयोजन, दीपोत्सव के लिए तैयार अयोध्या
- अयोध्या में दिखेगा अद्भुत नजारा, 2100 ड्रोन आसमान में बनाएंगे भगवान राम की आकृतियां
- दीपोत्सव से पहले पूरी हुई रिहर्सल, राम की पैड़ी पर जगमगाएंगे लाखों दीप
दीपावली से पहले आयोजित होने वाले दीपोत्सव 2026 को भव्य बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. इस बार अयोध्या में 30 लाख से अधिक दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है. सरयू नदी के 56 घाट दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे, जबकि 2100 स्वदेशी ड्रोन भगवान राम के जीवन और रामायण की कथा पर आधारित शो आयोजन भी होगा. 10वें दीपोत्सव की पूर्व संध्या पर ड्रोन शो और सरयू आरती की अंतिम रिहर्सल पूरी कर ली गई.
राष्ट्रपति मुर्मु होंगी मुख्य अतिथि
दीपोत्सव कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. उनके अलावा उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. उपराष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. साथ ही वे संतों का सम्मान भी करेंगे.

अयोध्या में सरयू घाट के किनारे दीपोत्सव की तैयारी पूरी
Photo Credit: NDTV (एएनआई वीडियो का स्क्रीनशॉट)
30 लाख से ज्यादा दीप जलाने की तैयारी
दीपोत्सव 2026 इस बार कई मायनों में खास रहने वाला है. आयोजन का यह 10वां संस्करण है और प्रशासन 30 से 33 लाख मिट्टी के दीये जलाकर एक नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी में है. राम की पैड़ी सहित सरयू नदी के किनारे स्थित 56 घाटों को दीपों से सजाया जाएगा. दीपावली की पूर्व संध्या पर पूरा अयोध्या नगर रोशनी से नहाया नजर आएगा.

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए दीप लगते हुए
Photo Credit: NDTV (पीटीआई वीडियो से साभार)
2100 ड्रोन सुनाएंगे रामायण की कथा
दीपोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ड्रोन शो होगा. ड्रोन मैनेजमेंट टीम के सदस्य ईश्वर ने बताया कि इस बार 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में उड़ान भरेंगे. ड्रोन शो से पहले लेजर शो भी आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा 'कल के कार्यक्रम में पहले लेजर शो और फिर ड्रोन शो होगा. इस बार भगवान राम के जीवन से प्रेरित 12 अलग-अलग आकृतियां तैयार की गई हैं. अयोध्या में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है. हमारी एनीमेशन टीम ने भगवान राम की एक नई और विशेष आकृति भी तैयार की है.'
सरयू घाट पर अंतिम रिहर्सल पूरी
शुक्रवार को सरयू घाट पर होने वाली सामूहिक आरती की अंतिम रिहर्सल पूरी कर ली गई. दीप प्रज्ज्वलन और सजावट की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं. अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया, 'सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. हमारी टीम ने सरयू आरती की अंतिम रिहर्सल भी संपन्न कर ली है. दीप जलाने की व्यवस्था पूरी तरह तैयार है और सजावट का काम भी लगभग समाप्त हो चुका है.'
यह भी पढ़ें : 'दीपोत्सव ने आस्था को आजीविका से जोड़ा', अयोध्या पहुंचने से पहले CM योगी का बड़ा संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं