ashutosh brahmachari whatsapp chat: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी इन दिनों लगातार चर्चा में हैं. अब उनकी कथित वाट्सऐप चैट वायरल हो रही है, जिसमें किसी व्यक्ति द्वारा उन्हें मठों पर कब्जा करने के मैसेज भेजे जाने की बात सामने आई है. मैसेज भेजने वाले की पुख्ता पहचान अब तक उजागर नहीं हुई है. हालांकि, आशुतोष ब्रह्मचारी का दावा है कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य रामचंद्र दास उन्हें मठों पर कब्जा करने के लिए मैसेज किया करते थे.
गंभीर आरोप और साजिश की आशंका
इससे पहले भी आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया था कि उन्हें आशंका है कि जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की हत्या उनके ही शिष्य रामचंद्र दास करवा सकते हैं. उन्होंने रामचंद्र दास पर बच्चों के साथ दुष्कर्म और आर्थिक घोटालों जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि आशुतोष ब्रह्मचारी उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और उनके शिष्य के खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं. उन्होंने आशुतोष ब्रह्मचारी पर आपराधिक इतिहास होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से पूरे मामले की जांच की मांग की है.
केस वापस लेने की शर्त
आशुतोष ब्रह्मचारी ने NDTV से फोन पर बातचीत में कहा कि वे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने को तैयार हैं. उन्होंने शर्त रखते हुए कहा कि यदि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद उनसे बातचीत करते हैं, तो वे प्रयागराज जाकर कोर्ट में आवेदन देकर मुकदमा वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपना संदेश संबंधित पक्ष तक पहुंचा दिया है.
षड्यंत्र का आरोप और उत्तराधिकार की बात
आशुतोष ब्रह्मचारी का दावा है कि रामचंद्र दास ने उन्हें उकसाया था और कहा था कि यह उनके गुरु रामभद्राचार्य का आदेश है, हालांकि बाद में उन्हें समझ आया कि यह गुरुजी का आदेश नहीं था. उनके मुताबिक, रामचंद्र दास गुरुजी के उत्तराधिकारी बनना चाहते हैं और इसी वजह से यह पूरा षड्यंत्र रचा गया.
मुकदमे को लेकर नया खुलासा
आशुतोष ब्रह्मचारी ने यह भी स्वीकार किया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज मामला रामचंद्र दास के कहने पर किया गया था. उन्होंने कहा कि इस मामले में कई लोग शामिल हैं और वे इसका खुलासा भी करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके साथ कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी रामचंद्र दास पर होगी.
यह भी पढ़ें- शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर फर्जी मुकदमा रामचंद्र दास के कहने पर किया... आशुतोष ब्रह्मचारी का कबूलनामा
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर बेशर्मी की हद पार, दोस्त के साथ विदेश भागने का दावा फर्जी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं