देशभर में कई नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. दिल्ली, यूपी से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक देश के कोने-कोने तक रोड कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है. इसी कड़ी में एक सुपर फास्ट एक्सप्रेसवे बिहार में बन रहा है. यह एक्सप्रेसवे पूर्वी और पश्चिमी बिहार को जोड़ेगा. हम बात कर रहे हैं 'बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे' की. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद बक्सर से भागलपुर का सफर महज 4 घंटे में पूरा हो जाएगा. यह एक्सप्रेसवे बिहार से आरा, पटना और मुंगेर जैसे शहरों को भी जोड़ेगा. आइए इस एक्सप्रेसवे की खासियत बताते हैं.
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे पर ताजा अपडेट क्या?
सबसे पहले बताते हैं कि बिहार में बन रहे इस एक्सप्रेसवे पर नया अपडेट क्या है? बिहार राज्य सड़क विकास निगम (BSRDCL) ने इस एक्सप्रेसवे के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने हेतु कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए टेंडर बुलाए हैं. चयनित कंसल्टेंसी एजेंसी को 6 महीने के भीतर विस्तृत डीपीआर तैयार करनी होगी. सरकार इसी साल के अंत तक इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू करना चाहती है.
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे की खासियत?
- इस प्रोजेक्ट पर करीब 3700 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
- यह एक्सप्रेसवे करीब 350 किलोमीटर लंबा होगा.
- एक्सप्रेसवे के बन जाने से बक्सर और भागलपुर के बीच की दूरी 8 घंटे से घटकर 4 घंटे रह जाएगा.
- यह यह 6-लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा.
कहां से कहां तक की कनेक्टिविटी?
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे यूपी-बिहार बॉर्डर पर गाजीपुर-बलिया-मांझी घाट एक्सप्रेसवे के बक्सर लिंक (स्पर) से शुरू होकर भागलपुर तक जाएगा, जिससे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली/NCR तक सीधी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी मिलेगी. यह एक्सप्रेसवे बिहार के गंगा नदी के दक्षिणी हिस्से से गुजरेगा और राज्य के 11 जिलों को कवर करेगा. यह एक्सप्रेसवे बक्सर, आरा, पटना, मोकामा, मुंगेर और भागलपुर जैसे बड़े जिलों से गुजरेगा.
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे (Buxar-Bhagalpur Expressway) बिहार का एक बेहद महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी कॉरिडोर है, जो राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR और आगे चलकर पश्चिम बंगाल (कोलकाता) तक के एक्सप्रेसवे नेटवर्क को आपस में जोड़ेगा।
दिल्ली-लखनऊ से पटना-भागलपुर का सफर होगा आसान
यह एक्सप्रेसवे अन्य एक्सप्रेसवे से भी कनेक्ट होगा, जिससे दिल्ली और लखनऊ से पटना तक का सफर आसान हो जाएगा. यह यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, इस लिंक के जरिए बिहार का ट्रैफिक सीधे यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (गाजीपुर से लखनऊ) पर जा सकेगा. वहां से यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और फिर यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए सीधे दिल्ली-NCR से जुड़ जाएगा. एक्सप्रेसवे पूरा होने का बाद पटना से लखनऊ का सफर महज 6 घंटे में तय किया जा सकेगा.
गंगा एक्सप्रेसवे से भी होगा कनेक्ट
इसके अलावा बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे को यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की योजना है. दरअसल प्रयागराज से वाराणसी होते हुए बलिया तक एक लिंक रोड बनाने की योजना है. यह बक्सर में इस एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इसके बाद दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक का एक और सुपरफास्ट वैकल्पिक रूट मिल जाएगा.
यह भी पढ़ें; दिल्ली से कोलकाता तक 12 घंटे में, 6 एक्सप्रेसवे का महा नेटवर्क बनेगा, यूपी से बिहार-झारखंड, बंगाल तक सुपरफास्ट रफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं