विज्ञापन

बुजुर्ग पति बोला -‘मुझे मेरी पत्नी से बचाइए’, 41 साल की शादी के बाद डीएम दरबार में लगाई गुहार

कानपुर में 41 साल की शादी के बाद एक बुजुर्ग पति ने जिलाधिकारी से अपनी पत्नी से बचाने की गुहार लगाई है. पति ने पत्नी और परिवार पर मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं.  

बुजुर्ग पति बोला -‘मुझे मेरी पत्नी से बचाइए’, 41 साल की शादी के बाद डीएम दरबार में लगाई गुहार
कानपुर DM कार्यालय.

आमतौर पर जिलाधिकारी के जनता दर्शन में जमीन विवाद, सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें या पारिवारिक झगड़े सामने आते हैं. लेकिन कानपुर में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने अधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया. 41 साल से वैवाहिक जीवन बिता रहे एक बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी से बचाने की मांग करते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है. बुजुर्ग का कहना है कि वह लंबे समय से प्रताड़ना झेल रहा है और अब उसके लिए हालात असहनीय हो चुके हैं.

पत्नी पर लगाए मारपीट और गाली-गलौज के आरोप

पीड़ित बुजुर्ग जीवन लाल ने जिलाधिकारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी अक्सर उनके साथ गाली-गलौज करती है और कई बार मारपीट भी कर चुकी है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें जूतों से भी पीटा गया है. इतना ही नहीं, पत्नी की ओर से उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर करने और हाथ-पैर तुड़वा देने जैसी धमकियां भी दी जाती रही हैं. बुजुर्ग ने कहा कि वह अब सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन बिताना चाहते हैं.

परिवार के लिए सब कुछ किया, अब सहारा नहीं मिला

जीवन लाल ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने पूरी जिंदगी मेहनत करके परिवार का पालन-पोषण किया. खेत बेचकर मकान बनवाया, बच्चों की पढ़ाई कराई और तीनों बेटों की शादी भी कराई. उन्होंने यह भी कहा कि पत्नी के नाम पर जमीन तक खरीदी थी ताकि परिवार का भविष्य सुरक्षित रह सके. इसके बावजूद आज उन्हें अपने ही घर और परिवार में सम्मान नहीं मिल रहा है.

बेटों पर भी लगाए प्रताड़ना के आरोप

बुजुर्ग ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि परिवार के कुछ सदस्यों और उनके बेटों ने भी उनके साथ मारपीट की. उनका कहना है कि उनकी झोपड़ी तक गिरा दी गई, जिसके बाद उन्हें मजबूरी में पनकी स्थित रैन बसेरे में शरण लेनी पड़ी. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोनों पक्षों की सुनवाई की मांग की है.

डीएम ने दिए जांच के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया. उन्होंने पूरे प्रकरण को प्रोबेशन विभाग को सौंपते हुए त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही संबंधित अधिकारियों और काउंसलर को मामले की पड़ताल कर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा गया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद इस अनोखे पारिवारिक विवाद में क्या सच सामने आता है.

यह भी पढ़ें- पंजाब के छात्र AI की सहायता से नए आविष्कार करना और भविष्य में नेतृत्व करना सीखेंगे: मनीष सिसोदिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur News, Kanpur DM Jitendra Pratap Singh, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com