समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाह को पार्टी ने गलत बताया है. अफवाह में दावा किया गया है कि सपा प्रमुख की बेटी करोड़ों रुपये लेकर अपने एक दोस्त के साथ विदेश भाग गई हैं. समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं ने इसको लेकर प्रदर्शन भी किया है.
सपा का आरोप-राजनीतिक साजिश
समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है. सपा का कहना है कि हाल ही में अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या के राम मंदिर में चंदे को लेकर उठाए गए सवालों के बाद यह दुष्प्रचार किया जा रहा है. मीडिया सेल ने अपने बयान में कहा कि भाजपा से जुड़े लोग इन झूठी अफवाहों को फैलाने में शामिल हैं.
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
सपा मीडिया सेल ने साफ कहा है कि इस तरह की अभद्र और मनगढ़ंत टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पार्टी ने कहा कि ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के निजी और पारिवारिक जीवन पर टिप्पणी करना गलत है.
भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया में फैलाई गई अफवाह के बाद सपा सोशल मीडिया सेल ने बीजेपी पर भ्रम फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है. सपा मीडिया सेल ने कहा है कि अयोध्या के राम मंदिर मामले का खुलासा करने की वजह से साजिश रचकर अखिलेश यादव की बेटी के बारे में अफ़वाह उड़ाई जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं