- समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रायबरेली से 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए PDA रथ यात्रा शुरू की है.
- अखिलेश के रथ का रंग भगवा है जो आमतौर पर भाजपा का प्रतीक माना जाता है, जबकि रायबरेली कांग्रेस का गढ़ है.
- रथ में हाइड्रोलिक सिस्टम से लैस लिफ्ट लगी है, जिससे अखिलेश समर्थकों को हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज रायबरेली से हुंकार भर दी है. अखिलेश यादव ने रायबरेली ने PDA यात्रा की शुरुआत की है. अखिलेश की इस यात्रा में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी है. अखिलेश के PDA रथ पर लिखा है- 'जो पीड़ित, वो PDA'. इस तरह सपा नेता ने PDA की एक बार फिर नई परिभाषा दी है. खास बात यह है कि उनके रथ का रंग भगवा है. जो सामान्य तौर पर भाजपा के लिए पेश किया जाता है. साथ ही अखिलेश ने अपनी रथयात्रा उस जिले से शुरू की, जो सालों से कांग्रेस का गढ़ कहलाती है. मतलब कि रथ का रंग भगवा, गढ़ कांग्रेस का, लेकिन मैदान लाल टोपी से फुल, जैसी स्थिति आज अखिलेश के रायबरेली दौरे के दौरान दिखी.
अखिलेश के रथ में हाइड्रोलिक सिस्टम से लैस लिफ्ट भी
अखिलेश की रथ यात्रा के लिए एक बस को मोडिफाई किया गया है. इस बस में हाइड्रोलिक सिस्टम से लैस एक लिफ्ट भी लगा है, जिससे कोई व्यक्ति बस की छत पर पहुंच सकता है. समर्थकों की भीड़ से घिरे अखिलेश इस लिफ्ट से बस की छत पर पहुंचे वहां उन्होंने समर्थकों को हाथ जोड़ कर प्रणाम किया. उनका अभिवादन स्वीकार किया.
#DopharKhabar | रायबरेली से अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा शुरू#TabishHussainNDTV | @tabishh_husain | #AkhileshYadav | @ranveer_sh pic.twitter.com/WUcm6WUsEW
— NDTV India (@ndtvindia) September 24, 2026
हमारे रंग बढ़ रहे हैं, इसीलिए भाजपा के रंग उड़ रहे हैं: अखिलेश
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सिर पर लाल टोपी लगाए अखिलेश के समर्थन में नारेबाजी करते रहे. अखिलेश यादव भी पूरे जोश में कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते नजर आए. इस दौरान अखिलेश यादव ने यह भी कहा- इस यात्रा से भाजपा के रंग उड़ रहे हैं. पीडीए की आवाज एक साथ है. अब बदलाव होने वाला है. यूपी फिर से खुशहाल होगा जैसे दावे भी उन्होंने अपने बयानों में किए. उन्होंने एक्स पर यात्रा से जुड़े वीडियो शेयर करते हुए यह भी लिखा- हमारे रंग बढ़ रहे हैं, इसीलिए भाजपा के रंग उड़ रहे हैं.
हमारे रंग बढ़ रहे हैं, इसीलिए भाजपा के रंग उड़ रहे हैं। pic.twitter.com/k7IzoGKaFE
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 24, 2026
इमरान मसूद बोले- राहुल का हाथ उनके साथ, चिंता की बात नहीं
रायबरेली से शुरू हुई अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "अगर वह वहां से यात्रा कर रहे हैं, तो आपको इसका मतलब समझना चाहिए. जब राहुल गांधी का हाथ उनके हाथ में है तो किसी बात की चिंता करने की क्या वजह है?"
कांग्रेस के गढ़ से अखिलेश दे रहे सियासी संकेत
लेकिन यूपी की राजनीति के जानकार रायबरेली से शुरू हो रही रथ यात्रा के पीछे सियासी संकेत छिपे होने की बात कर रहे हैं. यूपी में सपा मुख्य विपक्षी पार्टी है. चुनाव पूर्व कांग्रेस से सपा का गठबंधन है. लेकिन बीते कुछ समय से कांग्रेस के कुछ नेता सीटों को लेकर अलग-अलग दावा कर रहे हैं. इस बीच अखिलेश कांग्रेस के गढ़ से अपनी यात्रा की शुरुआत कर अपना जनाधार दिखा रहे हैं. यह भी बता रहे हैं कि 'बड़ा भाई' हम ही हैं.

रायबरेली में क्या हैं अखिलेश यादव का कार्यक्रम?
हालांकि सपा का कहना है कि यह चुनावी PDA यात्रा नहीं है. अखिलेश के कार्यक्रम के अनुसार वो आज हरचंदपुर के सपा विधायक और OBC नेता राहुल लोधी के घर जाएंगे. साथ ही समाजवादी छात्रसभी के उन सदस्यों से भी मिलेंगे, जिनकी 17 सितंबर को पुलिस अधिकारियों से झड़प हुई थी.
फिलहाल अखिलेश की इस यात्रा को लेकर रायबरेली में सपा समर्थकों में गजब का उत्साह दिख रहा है. देखना होगा यह उत्साह चुनाव तक कितना बचा रहता है? अखिलेश के रायबरेली दौरे से पहले पोस्टर के जरिए सियासी सरगर्मी बढ़ी थी.
यह भी पढ़ें - अखिलेश की यात्रा से पहले रायबरेली में पोस्टर वॉर, विरोधियों ने आजम, अतीक और मुख्तार के पोस्टर से बोला हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं