- महाराष्ट्र में तीन नए एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स के लिए अगले दो हफ्तों में नए टेंडर जारी किए जाएंगे
- नागपुर-गोंदिया एक्सप्रेसवे 162 किलोमीटर लंबा होगा और यात्रा समय तीन घंटे से 75 मिनट रह जाएगा
- भंडारा-गढ़चिरौली एक्सप्रेसवे 94 किलोमीटर लंबा होगा, दोनों के बीच दूरी 23 किलोमीटर कम हो जाएंगे
महाराष्ट्र के लोगों के लिए खुशखबरी है. जल्द ही राज्य के लोगों को तीन नए एक्सप्रेसवे मिलने वाले हैं. इस पर काम शुरू हो चुका है. इनके बनने से सफर और भी फर्राटेदार हो जाएगा. नागपुर-गोंदिया एक्सप्रेसवे, भंडारा-गढ़चिरौली एक्सप्रेसवे, नागपुर-चंद्रपुर एक्सप्रेसवे और नवेगांव मोरे-सुरजागढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने ऐलान किया है कि विदर्भ क्षेत्र में आने वाले एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स के लिए अगले दो हफ्तों में नए टेंडर जारी किए जाएंगे.
महाराष्ट्र के तीन नए एक्सप्रेसवे
• नागपुर-गोंदिया एक्सप्रेसवे
• भंडारा-गढ़चिरौली एक्सप्रेसवे
• नागपुर-चंद्रपुर एक्सप्रेसवे
• नवेगांव मोरे-सुरजागढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे
एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू
महाराष्ट्र कैबिनेट इन तीनों एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण के लिए HUDCO से लोन लेने की मंजूरी पहले ही दे चुकी है. ये तीनों एक्सप्रेसवे असल में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे के विस्तार के तौर पर काम करेंगे. वहीं नवेगांव मोरे-सुरजागढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे इस क्षेत्र में आने वाले स्टील प्लांट और खदानों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा.
नागपुर-गोंदिया एक्सप्रेसवे 162 किलोमीटर लंबा
नागपुर-गोंदिया एक्सप्रेसवे को बनाए जाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी. यह एक्सप्रेसवे 162 किलोमीटर लंबा होगा और करीब 3162 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. सरकार की तरफ से इसके लिए फंड भी स्वीकृत किया जा चुका है. इसके बनने से नागपुर और गोंदिया के बीच तीन घंटे वाला सफर सिर्फ 75 मिनट में पूरा हो जाएगा. मौजूदा रास्ते से गोंदिया से नागपुर पहुंचने में 3 घंटे से ज्यादा समय लगता है, लेकन इस एक्सप्रेसवे के बनने से 15 किमी. की दूरी कम हो जाएगी. इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम जल्द ही शुरू होगा. यह एक्सप्रेसवे नागपुर, भंडारा, गोंदिया जिलों के कुल 10 तालुकाओं और 115 गांवों से होकर गुजरेगा. इसमें 26 फ्लाईओवर, 8 अंडरपास, 15 बड़े और 63 छोटे पुल, 71 नहर क्रॉसिंग बनाए जाएंगे.
भंडारा-गढ़चिरौली एक्सप्रेसवे 94 किलोमीटर लंबा
भंडारा-गढ़चिरौली एक्सप्रेसवे 94 किलोमीटर लंबा होगा, जिसे करीब 931.15 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. इस फोन लेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के बनते ही भंडारा-गढ़चिरौली 2 घंटे में पहुंचा जा सकेगा. दोनों के बीच की दूरी 23 किलोमीटर कम हो जाएगी और सफर के समय में 75 मिनट घट जाएंगे.यह एक्सप्रेसवे भंडारा, लाखांदूर, ब्रह्मपुरी, आरमोरी और गढ़चिरौली जैसे शहरों और तालुकों को आपस में जोड़ेगा.
नागपुर से चंद्रपुर सिर्फ 2 घंटे में
204 किलोमीटर लंबा नागपुर-चंद्रपुर एक्सप्रेसवे एक फोर लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जो नागपुर को चंद्रपुर से जोड़ेगा. इसके पूरा होने से नागपुर से चंद्रपुर का सफर सिर्फ 2 घंटे का कह जाएगा. वर्तमान में आवाजाही में करीब 4 घंटे लगते हैं. यह एक्सप्रेसवे दिसंबर 2028 तक पूरा होने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें-1 करोड़ वाली जमीन अब 10 करोड़ की, हरियाणा के इस शहर में हाईवे से सटी जमीन बनी प्राइम लोकेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं