- आगरा में गर्भवती निधि को ले जा रही एम्बुलेंस बारिश से टूटी सड़क के गड्ढे में फंस गई.
- करीब 2 घंटे तक एम्बुलेंस फंसी रही, ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से बांधकर खींचा.
- एंबुलेंस को ट्रैक्टर से खींचकर निकाला गया और फिर दूसरे रास्ते से हॉस्पिटल तक पहुंची.
उत्तर प्रदेश के आगरा में 2 सितंबर को खराब रास्ते की वजह से एक गर्भवती महिला के अजन्मे बच्चे की मौत हो गई. महिला को ले जा रही एम्बुलेंस कथित तौर पर करीब दो घंटे तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क पर फंसी रही. महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उसके परिवार ने उसे अस्पताल ले जाने के लिए सरकारी एम्बुलेंस बुलाई. शिकायत के मुताबिक, महिला को ले जाते वक्त एम्बुलेंस गांव की एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क पर फंस गई. जब गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाई, तो ग्रामीणों ने उसे ट्रैक्टर से बांधकर बाहर निकाला. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में एम्बुलेंस को बुरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क पर ट्रैक्टर से खींचकर निकालते हुए देखा जा सकता है.

ये भी पढ़ें: अलीगढ़ से आगरा 1 घंटे में, 5 घंटे में लखनऊ, नए एक्सप्रेसवे का रास्ता साफ, दिल्ली से बरेली तक सफर आसान
क्या है पूरा मामला?
मामला आगरा के बाह क्षेत्र के गांव गढ़वार का बताया जा रहा है. 2 सितंबर को निधि नाम की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अस्पताल लेकर जाना चाह रहे थे. इसके लिए सरकारी एंबुलेंस को बुलाई गई, लेकिन गांव के लिंक रोड पर बरसात की वजह से हुए गड्ढे में एंबुलेंस फंस गई. करीब 2 घंटे तक एंबुलेंस गड्ढे में फंसी रही. इसके बाद, गांव के लोगों ने ट्रैक्टर बुलाकर एंबुलेंस को खींच बाहर निकाला.
गड्ढे से निकाले जाने के बाद एंबुलेंस दूसरे रास्ते से होकर पीड़ित महिला को लेकर अस्पताल पहुंची. हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टर ने महिला की डिलीवरी कराई लेकिन बच्चा मृत पैदा हुआ.
परिजन और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वक्त पर अस्पताल न पहुंचने की वजह से बच्चे की मौत हुई है. अगर समय पर पहुंच जाते तो सब ठीक होता. बरसात में सड़क टूटने की जानकारी अधिकारियों को दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: आगरा में झमाझम बारिश के बाद जलभराव, यमुना किनारा रोड पर बाढ़ जैसे हालात, नगर निगम की खुली पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं