- दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद से इस्तीफा दिया.
- 2013 में यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी के रूप में सिविल सेवा जॉइन की थी और विभिन्न जिलों में डीएम पद संभाला.
- दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर मां वैष्णो देवी की यात्रा की जानकारी साझा की थी.
उत्तर प्रदेश कैडर में साल 2013 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की चर्चित अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे पर चुप्पी तोड़ दी है. पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने अपने त्यागपत्र के बाद से उनके अगले कदम को लेकर उठ रहे कयासों पर 29 सितंबर 2026 की सुबह साढ़े आठ बजे विराम लगा दिया. दिव्या मित्तल ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि ''कुछ दिन पहले IAS से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे. अपनी बात इस वीडियो में कह दी है. अगर आपको लगे कि ये आपकी भी बात है, तो इस पोस्ट पर कमेंट करिए, या 9198956957 पर whatsapp मैसेज करिए.
लोगों की आवाज बनना चाहती हूं- दिव्या
दिव्या मित्तल ने कहा कि लोगों ने मुझसे से कहा कि वे सबकुछ तो बन गई अब और क्या बनना चाहती हैं? इस पर उनका जवाब है कि वे राजनीति में आकर लोगों की आवाज बनना चाहती हैं. उन लोगों की आवाज जिनकी आवाज किसी ऑफिस तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाए तो सुनी नहीं जाती. उन लोगों की तरफ से मुझे अपने देश की आजादी के 80 सालों का जवाब चाहिए.
दिव्या मित्तल कौन हैं?
23 नवंबर 1983 को जन्मीं दिव्या मित्तल दिल्ली की रहने वाली हैं. ये दो बार यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा पास कर चुकी हैं. यूपीएससी 2011 में ऑल इंडिया लेवल पर 134वीं रैंक हासिल करके आईपीएस बनीं और यूपीएससी 2012 में 68वीं रैंक पाई. इनको बतौर आईएएस उत्तर प्रदेश कैडर मिला. दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह 2011 बैच के इंडियन ट्रेड सर्विस के अधिकारी रहे हैं. साल 2022 में गगनदीप सिंह ढिल्लों ने भी इस्तीफा दे दिया था. सिविल सेवा जॉइन करने से पहले दोनों ने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की.
दिव्या मित्तल व गगनदीप सिंह की दो बेटियां
मीडिया की खबरों के अनुसार, कुछ साल पहले गगनदीप सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि उन्होंने साल 2005 में दिव्या मित्तल को प्रपोज किया था. उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद दोनों ने लंदन में साथ में जॉब की और भारत लौटकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की. इनकी दो बेटियां हैं.

दिव्या मित्तल का सर्विस रिकॉर्ड
आईएएस बनने के बाद दिव्या मित्तल ने 2 सितंबर 2013 को उत्तर प्रदेश कैडर में भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी के रूप में सिविल सेवा जॉइन की थी. ट्रेनिंग के बाद 27 नवंबर 2015 को मेरठ में जॉइंट मजिस्ट्रेट के पद पर पहली पोस्टिंग मिली.
दिव्या मित्तल मेरठ के बाद साल 2017 से 2018 तक गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी, 2018 से 2019 तक जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर UPSIDC कानपुर नगर रहीं. 2019 से 2020 तक बरेली विकास प्राधिकरण में रहीं. 2020 में पहली बार संत कबीरनगर की डीएम बनीं.
संत कबीरनगर के बाद दिव्या मित्तल साल 2022 में मिर्जापुर और साल 2024 में देवरिया की डीएम रहीं. यहां से 5 मई 2026 को उनका तबादला विशेष सचिव, राजस्व विभाग, लखनऊ पद पर कर दिया गया था. यह उनकी आखिरी पोस्टिंग थी.

दिव्या मित्तल ने आईएएस की नौकरी कब छोड़ी?
दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद से इस्तीफा दिया है. 30 अगस्त 2026 को दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने इस्तीफे की जानकारी शेयर की. दिव्या मित्तल ने लिखा कि, "आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है." उन्होंने अपनी इस पोस्ट में कई बातों का जिक्र किया. अपने मिर्जापुर डीएम कार्यकाल को भी याद किया.

ex ias divya mittal next step after resign reason new
आईएएस से इस्तीफे के बाद दिव्या मित्तल ने क्या किया?
30 अगस्त 2026 को इस्तीफा देने के बाद से दिव्या मित्तल ने इसकी वजह नहीं बताई. ऐसे में उनके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने के भी कयास लगाए गए. इस्तीफे के बाद 12 सितंबर को दिव्या मित्तल ने एक वीडियो शेयर करके अपनी मां वैष्णो देवी की यात्रा की जानकारी शेयर की.
वीडियो के कैप्शन में लिखा था-
मां, बिन मांगे तूने सब दिया,
मैं तेरे चरणों में चढ़ाऊं क्या?
बस अपना आभार चढ़ाती हूं,
भर आई आंखों की अश्रुधार चढ़ाती हूं.
पर आगे राह कठिन है.

मेरा IAS से त्यागपत्र स्वीकार हो गया : दिव्या मित्तल
मां वैष्णो देवी की यात्रा के दो दिन बाद, 14 सितंबर 2026 को दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उनका इस्तीफा मंजूर हो गया. इसके बाद 27 सितंबर 2026 को दिव्या मित्तल ने एक और पोस्ट की और लिखा कि
आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा:
“बच्चे छोटे हैं. अब घर”
“अच्छा पैकेज मिलेगा. वापस विदेश”
“IAS पर किताब लिखी है. कोचिंग”
“टिकट पक्का हो गया होगा. राजनीति”
29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे. बताऊंगी.
दिव्या मित्तल से संबंधित अन्य खबरें
1. पूर्व IAS दिव्या मित्तल के बैचमेट का इस्तीफा भी मंजूर, जगमोहन मीणा कौन, जिन्होंने छोड़ी IPS की नौकरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं