उत्तर प्रदेश में कई नए-नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. इसी में शामिल है 'आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे'. यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी के दो प्रमुख शहरों ताजनगरी आगरा और तालानगरी अलीगढ़ के बीच का सफर बेहद आसान कर देगा. इस एक्सप्रेसवे का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. इसी महीने एक्सप्रेसवे का काम शुरू हो सकता है. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद आगरा से अलीगढ़ का सफर महज घंटेभर में पूरा होगा. वहीं अलीगढ़ से हाथरस आधे घंटे में पहुंचा जा सकेगा. इसके अलावा अलीगढ़-हाथरस से दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ और पूर्वांचल का सफर भी आसान हो जाएगा.
क्या है नया अपडेट?
आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-2 को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला अटका हुआ था. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने इस एक्सप्रेसवे को के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. इसके बाद इसके निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद अब इस प्रोजेक्ट के पैकेज-2 पर इसी महीने यानी सितंबर में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
2.5 घंटे का सफर सिर्फ 1 घंटे में होगा पूरा
फिलहाल अलीगढ़ और हाथरस के बीच नेशनल हाइवे- 509 (NH-509) है. लेकिन यह सासनी, हाथरस जैसे शहरों से होकर गुजरता है. इस हाइवे पर बीच में कोई डिवाइडर भी नहीं है. ऐसे में यहां ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रहती है. अभी आगरा से अलीगढ़ पहुंचने में 2 से 2.5 घंटे का समय लग जाता है. नया 4-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी महज 1 घंटे में तय की जा सकेगी.
वहीं, अलीगढ़ से हाथरस का सफर भी घटकर करीब 30 से 35 मिनट का रह जाएगा.

65 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेसवे
आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 65 किलोमीटर है. NHAI ने इस प्रोजेक्ट को दो पैकेज में बनाने का प्लान बनाया है. इस प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 820 करोड़ रुपये है.
- पैकेज-1: अलीगढ़ से असरोई (हाथरस) तक लगभग 28 किलोमीटर. इस हिस्से पर काम जारी है.
- पैकेज-2: असरोई से खंदौली (आगरा) तक लगभग 37 किलोमीटर. ताज ट्रैपेजियम जोन (TTZ) में आने के कारण इस हिस्से के लिए सुप्रीम कोर्ट की अनुमति जरूरी थी. मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.
यमुना और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
यह एक्सप्रेसवे आगरा में खंदौली के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इसके बाद आगरा इनर रिंग रोड के जरिए वाहन चालकों को सीधे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सीमलेस कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे दिल्ली-एनसीआर, आगरा, लखनऊ, कानपुर और पूर्वांचल के बीच यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी.
बरेली-बदायूं तक भी सफर आसान
आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे हाथरस के पास निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे से भी जुड़ेगा. यानी इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से बरेली, बदायूं, कासगंज और हाथरस जैसे शहरों की भी कनेक्टिविटी आसान होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं