विज्ञापन

फोन के नेटवर्क अचानक चले जाएं, तो तुरंत हो जाएं अलर्ट, जानिए SIM Swap Scam का पूरा खेल

अगर आपके फोन में अचानक नेटवर्क गायब हो जाएं, कॉल और SMS आना बंद हो जाएं, तो इसे सिर्फ नेटवर्क की खराबी समझने की गलती बिल्कुल न करें. ये SIM Swap Scam का संकेत भी हो सकता है. आइए जानते हैं यह फ्रॉड कैसे होता है और इससे बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए.

फोन के नेटवर्क अचानक चले जाएं, तो तुरंत हो जाएं अलर्ट, जानिए SIM Swap Scam का पूरा खेल
क्या होता है SIM Swap Scam?
(P.C- NDTV)

आज के समय में तकनीक जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, साइबर ठग भी लोगों को ठगने के लिए उतने ही नए-नए तरीके अपना रहे हैं. अब, इन दिनों एक ऐसा फ्रॉड सुर्खियों में है, जिसमें ना तो बैंक की जानकारी मांगी जाती है और ना ही OTP बताने के लिए कहा जाता है. इसके बावजूद कुछ ही मिनटों में आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है. इस ठगी का नाम है SIM Swap Scam. आइए जानते हैं ठगी का ये नया तरीका क्या है और कैसे साइबर अपराधी इस तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. 

क्या होता है SIM Swap Scam?

अगर आपके फोन में अचानक नेटवर्क आना बंद हो जाएं, आप किसी को कॉल या SMS नहीं कर पाएं, तो यह SIM Swap Scam का साइन हो सकता है. दरअसल, इस ठगी में साइबर अपराधी आपके मोबाइल नंबर की दूसरी SIM निकलवा लेते हैं. जैसे ही नई SIM चालू होती है, आपके फोन की पुरानी SIM काम करना बंद कर देती है. आपके फोन में नेटवर्क नहीं आता, कॉल नहीं लगती और कोई SMS भी नहीं आता. दूसरी तरफ, आपकी जगह ठग के पास मौजूद SIM एक्टिव हो जाती है.

इसके बाद आपके बैंक से आने वाले OTP, ट्रांजैक्शन अलर्ट और लॉगिन कोड सीधे ठगों के फोन पर पहुंचने लगते हैं. 

ठग कैसे करते हैं यह फ्रॉड?

इस ठगी में ज्यादातर मामलों में हैकिंग नहीं होती, बल्कि लोगों को धोखा देकर काम किया जाता है. 

  • सबसे पहले ठग आपकी निजी जानकारी जुटाते हैं. इसके लिए या तो वे आपको फर्जी कॉल करते हैं, नकली बैंक अधिकारी बनकर बात करते हैं, क्रेडिट कार्ड या लोन का झांसा देकर जानकारी निकाल लेते हैं. या फिशिंग लिंक भेजकर पर्सनल जानकारी निकाल लेते हैं.
  • अब, जब उनके पास आपकी पर्याप्त जानकारी आ जाती है, तब वे टेलीकॉम कंपनी से संपर्क करके फर्जी दस्तावेजों या गलत जानकारी के आधार पर आपके नंबर की डुप्लीकेट SIM जारी करवा लेते हैं. 
  • कुछ मामलों में अगर किसी को थोड़ी देर के लिए आपका फोन मिल जाए, तो वह SIM पोर्ट करने का प्रोसेस भी शुरू कर सकता है.
  • जैसे ही उनके पास आपके नंबर की SIM आती है, आपके फोन पर नेटवर्क आना बंद हो जाते हैं. वहीं, सारे मैसेज या OPT ठग के पास आने लगते हैं. इन्हीं OTP की मदद से वे आपका बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं. 
इन संकेतों को ना करें नजरअंदाज 

अगर आपका फोन अचानक बिना किसी वजह के नेटवर्क दिखाना बंद कर दे, कॉल और SMS पूरी तरह बंद हो जाएं और काफी देर तक नेटवर्क वापस ना आएं, तो तुरंत सतर्क हो जाएं. यह SIM Swap Scam का पहला संकेत हो सकता है. ऐसे समय में इंतजार करने की बजाय तुरंत जांच करना जरूरी है.

क्या करें?

अगर आपको SIM Swap का शक हो, तो सबसे पहले अपने टेलीकॉम ऑपरेटर के कस्टमर केयर पर संपर्क करें और पूछें कि आपके नंबर पर कोई नई SIM जारी हुई है या नहीं. इसके बाद तुरंत अपने बैंक को सूचना दें. जरूरत पड़े तो नेट बैंकिंग, UPI और कार्ड सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद या फ्रीज करवा दें. जितनी जल्दी आप कार्रवाई करेंगे, उतना ही नुकसान कम होगा.

इन बातों का भी रखें ध्यान 
  • अपनी निजी जानकारी, आधार, PAN, बैंक डिटेल या OTP किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर न करें. 
  • फर्जी कॉल, SMS और लिंक से हमेशा सावधान रहें. 
  • अगर फोन में अचानक नेटवर्क चला जाए और लंबे समय तक वापस न आए, तो इसे सामान्य समस्या मानकर बैठने की गलती न करें. 

ध्यान रखें, आज के समय में मोबाइल नंबर ही आपकी डिजिटल पहचान बन चुका है. इसलिए इसकी सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है जितना अपने बैंक खाते और पैसों की. थोड़ी सी सावधानी से आप खुद को बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 2 और 3 जुलाई को कई ट्रेनें रद्द, कई का रूट बदला, सफर से पहले जरूर देखें पूरी लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cyber Fraud, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com