विज्ञापन

क्या है नया AI Investment Scam? NCIB ने लोगों को किया अलर्ट, जानें अब कैसे ठगी का शिकार बना रहे साइबर अपराधी

साइबर ठगों ने लोगों को ठगने का एक नया तरीका निकाला है. इसे AI Investment Scam कहा जा रहा है. आइए जानते हैं कैसे इसके जरिए ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं.

क्या है नया AI Investment Scam? NCIB ने लोगों को किया अलर्ट, जानें अब कैसे ठगी का शिकार बना रहे साइबर अपराधी
क्या है AI Investment Scam?
(P.C- NDTV)

आज के डिजिटल दौर में साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. अब इसके लिए वे AI का इस्तेमाल भी करने लगे हैं. साइबर अपराधी AI यूज करके लोगों को निवेश के नाम पर धोखा दे रहे हैं. इसी को AI Investment Scam कहा जा रहा है. इस बढ़ते स्कैम को देखते हुए नेशनल साइबर इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (NCIB) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से- 

क्या है AI Investment Scam?

इस नए स्कैम में साइबर ठग खुद को AI एक्सपर्ट, इन्वेस्टमेंट सलाहकार या ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर लोगों से संपर्क करते हैं. ठग दावा करते हैं कि उनका AI ट्रेडिंग सिस्टम बहुत कम समय में बड़ा मुनाफा देता है. कई बार वे 100% गारंटीड रिटर्न या पैसा दोगुना करने का वादा भी करते हैं. इसी लालच में लोग उनकी बातों पर भरोसा कर लेते हैं.

ऐसे होता है पूरा खेल
  • ठग सबसे पहले फोन कॉल, WhatsApp, Telegram या सोशल मीडिया के जरिए लोगों से संपर्क करते हैं. 
  • इसके बाद वे किसी फर्जी वेबसाइट, ऐप या ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर अकाउंट खुलवाते हैं और शुरुआत में थोड़ी रकम निवेश करने के लिए कहते हैं.
  • शुरुआत में नकली प्रॉफिट दिखाकर लोगों का भरोसा जीत लिया जाता है. इसके बाद बड़ी रकम निवेश करने के लिए दबाव बनाया जाता है. 
  • जब निवेशक अपना पैसा निकालना चाहता है, तो टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी चार्ज या दूसरे बहानों से और पैसे मांगे जाते हैं. 
  • आखिर में ठग पैसे लेकर गायब हो जाते हैं और निवेशक को कुछ भी वापस नहीं मिलता.
इन बातों का रखें ध्यान 

NCIB ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि अगर कोई अनजान व्यक्ति आपको निवेश का ऑफर दे, बहुत ज्यादा और गारंटीड रिटर्न का दावा करे, फर्जी वेबसाइट या ऐप का लिंक भेजे, किसी VIP ग्रुप में जोड़ने की बात करे या स्क्रीन शेयर करने के लिए कहे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं. 

खुद को कैसे रखें सुरक्षित?
  • निवेश करने से पहले हमेशा कंपनी और प्लेटफॉर्म की अच्छी तरह जांच करें. 
  • यह जरूर देखें कि वह SEBI में रजिस्टर्ड है या नहीं. 
  • किसी भी अनजान लिंक या ऐप के जरिए निवेश न करें. 
  • जल्दबाजी में बड़ा निवेश करने से बचें और 
  • किसी भी ऑफर की पुष्टि आधिकारिक स्रोत से ही करें.

साथ ही, अपना बैंक खाता, OTP, UPI PIN या दूसरी निजी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें. किसी के कहने पर स्क्रीन शेयर या रिमोट एक्सेस वाला ऐप भी इंस्टॉल न करें.

ठगी हो जाए तो तुरंत करें यह काम

वहीं, अगर आप किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें. इसके अलावा https://www.cybercrime.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करें. समय पर शिकायत करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए लालच में आने के बजाय सतर्क रहें और सुरक्षित निवेश करें.

यह भी पढ़ें- इंडिगो ने लॉन्च किया 'IndiGo Lite' किराया, आज से शुरू हुई बुकिंग, जानें क्या है ये नया फेयर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Utility News, Cyber Fraud
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com