Gold ETF Benefits: सोना (Physical Gold) खरीदने में मेकिंग चार्ज, चोरी होने का डर और शुद्धता की चिंता हमेशा बनी रहती है. ऐसे में गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF Exchange Traded Fund) सोने में निवेश करने का एक बेहद आधुनिक, सुरक्षित और किफायती माध्यम बनकर उभरा है.
यह एक ऐसा म्यूच्यूअल फंड है, जो घरेलू बाजार में 99.5% शुद्ध सोने के वास्तविक कीमत पर नज़र रखता है और शेयर बाजार में शेयरों की तरह ही खरीदा-बेचा जाता है. जब आप इसका 1 यूनिट खरीदते हैं, तो इसका मतलब ये है कि आप डिजिटल रूप में शुद्ध सोना सुरक्षित कर लेते हैं, जिसकी कस्टडी फंड हाउस के पास होती है.
Gold ETF क्या है?
आम तौर पर एक Gold ETF यूनिट का मान 1 ग्राम शुद्ध सोने (99.5% शुद्धता) के बराबर होता है. हालांकि, कुछ फंड्स में यह 0.01 ग्राम का भी होता है. इसकी कीमतें भारतीय सर्राफा बाजार में सोने के भाव के मुताबिक रियल टाइम में बदलती रहती हैं. इसका सबसे बड़ा लाभ ये है कि ज्वेलरी की तरह इसमें कोई मेकिंग चार्ज या बैंक लॉकर का किराया नहीं चुकाना पड़ता. इसे शेयर बाजार (NSE/BSE) के वर्किंग आवर्स में आप जब चाहें बेचकर पैसे सीधे बैंक खाते में पा सकते हैं.
कौन कर सकता है Gold ETF निवेश
कोई भी शख्स जो सोना खरीद सकता है, वह गोल्ड ईटीएफ भी खरीद सकता है. हालांकि, Gold ETF निवेश के लिए 3in1 अकाउंट सेटअप होना जरूरी है.
- बैंक अकाउंट: ब्रोकिंग ऐप में फंड ऐड करने और विड्रॉ करने के लिए.
- ट्रेडिंग अकाउंट: शेयर बाजार में बाय या सेल ऑर्डर प्लेस करने के लिए.
- डीमैट अकाउंट: आपके खरीदे गए डिजिटल गोल्ड यूनिट्स को सुरक्षित रखने के लिए.
Gold ETF में निवेश का स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
आप किसी भी रजिस्टर्ड ब्रोकर जैसे Zerodha, Groww, Angel One, Upstox आदि के ऐप या वेबसाइट का इस्तेमाल करके 5 मिनट में निवेश शुरू कर सकते हैं.
- ब्रोकिंग ऐप पर अकाउंट बनाएं: पसंदीदा ब्रोकर ऐप डाउनलोड करें और KYC प्रक्रिया पूरी करें. इसके लिए पैन कार्ड, पहचान/पता प्रमाण पत्र और बैंक डिटेल्स की आवश्यकता होती है.
- वॉलेट में फंड ऐड करें: अपने लिंक किए गए बैंक खाते से UPI, नेट बैंकिंग या Google Pay के ज़रिए ब्रोकिंग ऐप के वॉलेट में पैसे ट्रांसफर करें.
- मनपसंद Gold ETF सर्च करें: सर्च बार में Gold ETF टाइप करें. आपके सामने टॉप रेटेड ईटीएफ दिखेंगे, जैसे Nippon India ETF Gold BeES (GOLD BEES), HDFC Gold ETF, SBI Gold ETF, ICICI Prudential Gold ETF.
- बाय ऑर्डर सबमिट करें: ईटीएफ सिलेक्ट करके Buy बटन दबाएं. वांछित Quantity (यूनिट्स की संख्या) चुनें. तुरंत खरीदने के लिए Market Price या मनपसंद भाव के लिए Limit Price सेट करके स्वाइप/प्लेस ऑर्डर करें.
दो तरह से कर सकते हैं Gold ETF में निवेश
आप अपनी वित्तीय क्षमता के अनुसार इन दो तरीकों से निवेश की शुरुआत कर सकते हैं.
- एकमुश्त (Lump Sum): जब पर्याप्त फंड हो, तब एक ही बार में कई यूनिट्स एक साथ खरीद लें. जब बाजार में गिरावट हो और आप बड़ा फंड लगाना चाहें.
- एसआईपी (SIP Systematic Investment Plan): हर महीने एक तय तारीख पर 1 या 2 यूनिट्स नियमित रूप से खरीदते रहें. छोटे और अनुशासित निवेशकों के लिए, जो रुपी कॉस्ट एवरेजिंग का फायदा पाना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें- ये है शेयर बाजार में कम पैसों से लाखों बनाने की 'मशीन', जानिए Option Trading की हर बारीकी
ध्यान रखने योग्य बातें और हिडन कॉस्ट
- ब्रोकरेज व सरकारी शुल्क: ट्रांजेक्शन के दौरान ब्रोकर का नॉमिनल ब्रोकरेज चार्ज और नियमानुसार STT/GST लागू होता है.
- एक्सपेंस रेशियो : फंड हाउस ईटीएफ प्रबंधन के लिए सालाना लगभग 0.5% से 1% का फीस चार्ज लेता है, जो NAV में ही एडजस्ट रहता है.
- कैपिटल गेन्स टैक्स: Gold ETF को बेचने पर मिलने वाले रिटर्न पर निवेशक के मौजूदा इनकम टैक्स स्लैब के अनुसार टैक्स लागू होता है.
यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव से लगता है डर तो यहां लगा सकते हैं पैसे, जानिए डेट फंड्स का फंडा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं