विज्ञापन

'सीएम युवा योजना' क्या है? योगी सरकार की इस स्कीम के लिए कौन कर सकता है अप्लाई, जानें सारी डीटेल्स

CM Yuva Udyami Yojana: इस योजना को योगी सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया है.

'सीएम युवा योजना' क्या है? योगी सरकार की इस स्कीम के लिए कौन कर सकता है अप्लाई, जानें सारी डीटेल्स
'सीएम युवा योजना' क्या है?

CM Yuva Udyami Yojana: अगर आप नौकरी करने के बजाय अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं और दूसरों को रोजगार देना चाहते हैं, तो उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना (सीएम युवा योजना) आपके लिए एक बेहतरीन अवसर हो सकती है. इस योजना को योगी सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया है.

Holi 2026: होली पर ट्रेन का कंफर्म टिकट कैसे बुक करें? बड़े काम आएंगी ये स्मार्ट टिप्स

क्या है सीएम युवा योजना?

सीएम युवा योजना का पूरा नाम मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान है. इसके तहत सरकार युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए ब्याज मुक्त और बिना गारंटी का लोन देती है. साथ ही, जरूरत पड़ने पर बिजनेस से जुड़ी ट्रेनिंग भी उपलब्ध कराई जाती है. इस योजना के जरिए युवा 5 लाख रुपये तक की परियोजना लागत से अपना काम शुरू कर सकते हैं. सरकार का लक्ष्य है कि हर साल एक लाख युवाओं को स्वरोजगार मिले और अगले 10 सालों में 10 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए.

कितनी मिलती है आर्थिक मदद?

यह योजना दो चरणों में लागू की जाती है.

  • पहले चरण में 5 लाख रुपये तक की परियोजना को मंजूरी मिलती है, जिसमें लगभग 4.5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी फ्री लोन दिया जाता है. इस लोन को चुकाने के लिए शुरुआत में 6 महीने की छूट भी मिलती है.
  • जब पहला लोन सफलतापूर्वक चुका दिया जाता है, तो दूसरे चरण में 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत को मंजूरी मिल सकती है. इसमें पहले चरण से अधिक राशि का लोन मिलता है और ब्याज पर करीब 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जाती है. इसके अलावा सरकार परियोजना लागत का एक हिस्सा मार्जिन मनी सब्सिडी के रूप में भी देती है.
कौन कर सकता है आवेदन?
  • इस योजना का लाभ वही युवा ले सकते हैं जो उत्तर प्रदेश के स्थायी निवासी हों और जिनकी उम्र 21 से 40 साल के बीच हो. 
  • आवेदक का कम से कम आठवीं पास होना जरूरी है. 
  • इसके साथ ही किसी सरकारी प्रशिक्षण योजना से ट्रेनिंग ली हो या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्किल सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए.
  • आवेदक को अपनी कैटेगरी के अनुसार कुछ राशि खुद भी लगानी होती है. जैसे- सामान्य वर्ग को 15 प्रतिशत, ओबीसी को 12.5 प्रतिशत और एससी, एसटी, दिव्यांगजन व पिछड़े वर्ग को 10 प्रतिशत योगदान देना होता है.
आवेदन कैसे करें?

सीएम युवा योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है. इसके लिए MSME पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होता है. आधार और मोबाइल नंबर से ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद आवेदन फॉर्म भरा जाता है. इसमें व्यक्तिगत जानकारी, बिजनेस प्रोजेक्ट का विवरण और बैंक से जुड़ी जानकारी देनी होती है. साथ ही जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होते हैं.

कुल मिलाकर, सीएम युवा योजना उन युवाओं के लिए शानदार मौका है जो खुद का बिजनेस शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com