बिजली का बढ़ता बिल आज लगभग हर घर की परेशानी बन चुका है. ऐसे में अगर कोई तरीका बिल कम करने के साथ-साथ पर्यावरण को भी फायदा पहुंचाए, तो भला कौन उसे अपनाना नहीं चाहेगा. यही वजह है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इस योजना के तहत सरकार घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए सब्सिडी दे रही है. अच्छी बात ये है कि योजना का लाभ अभी भी लिया जा सकता है और 31 मार्च 2027 तक लोगों को इसके तहत आर्थिक सहायता मिल रही है. ऐसे में जो लोग सोलर पैनल लगवाने की सोच रहे हैं, उनके लिए ये सही समय माना जा रहा है.
क्या है पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
केंद्र सरकार ने फरवरी 2024 में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की थी. इसका मकसद लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है. योजना के जरिए घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली का खर्च कम हो सके और साफ ऊर्जा को बढ़ावा मिले.
उत्तर प्रदेश में बढ़ रही लोगों की दिलचस्पी
इस योजना को लेकर उत्तर प्रदेश में लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. राजधानी लखनऊ इस मामले में सबसे आगे है. बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों पर सोलर सिस्टम लगवा चुके हैं. वहीं वाराणसी भी पीछे नहीं है और यहां भी हजारों लोग इस योजना का फायदा उठा रहे हैं. इससे बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण को भी फायदा मिल रहा है.
कितनी मिलती है सब्सिडी
अगर कोई व्यक्ति 2 किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाता है, तो उस पर करीब 1.20 लाख रुपये का खर्च आता है. इसमें केंद्र सरकार 60 हजार रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार 30 हजार रुपये की सहायता देती है. यानी कुल 90 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद उपभोक्ता को केवल 30 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं. वहीं 3 किलोवाट या उससे ज्यादा क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने पर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है.
आगे क्या होगा
फिलहाल योजना की समय सीमा 31 मार्च 2027 तक है. हालांकि सौर ऊर्जा को मिल रहे अच्छे समर्थन को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि भविष्य में भी ऐसी योजनाएं जारी रह सकती हैं. इसलिए जो लोग इसका लाभ लेना चाहते हैं, उनके लिए अभी अच्छा मौका है.
यह भी पढ़ें- Instagram का नया फीचर, अब प्रोफाइल में रिअरेंज कर सकेंगे अपने फोटो-वीडियो, जानें आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं