Inoperative Bank Account Activation: अक्सर कई लोग नौकरी बदलने, शहर शिफ्ट होने या किसी दूसरी वजहों से अपने पुराने बैंक खातों का इस्तेमाल बंद कर देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर किसी बैंक खाते में लगातार 2 वर्षों तक कोई लेन-देन न किया जाए, तो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशानिर्देशों के तहत उसे इनऑपरेटिव (Inoperative) या डोरमेंट (Dormant) घोषित कर दिया जाता है.
अगर कोई खाता 10 साल या उससे अधिक समय तक निष्क्रिय रहता है, तो उसमें जमा राशि बैंक की ओर से RBI के डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड (DEAF) में ट्रांसफर कर दी जाती है. राहत की बात यह है कि आपका पैसा हमेशा सुरक्षित रहता है और आप इसे कभी भी सही प्रक्रिया अपनाकर वापस पा सकते हैं.
ये है निष्क्रिय खाते को री-एक्टिवेट करने की प्रक्रिया
दरअसल, RBI के सख्त नियम हैं कि बैंक निष्क्रिय खातों को फिर से चालू करने के लिए ग्राहकों से कोई चार्ज या शुल्क नहीं वसूल सकते. अपने बंद पड़े खाते को सक्रिय करने के लिए बस इन आसान चरणों का पालन करना पड़ेगा. अपनी संबंधित बैंक शाखा में विजिट करें. बैंक अधिकारियों से खाता फिर से सक्रिय करना वाला फॉर्म मांगें और उसमें मांगी गई जानकारी भरें. इसके साथ ही अपनी पहचान और पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड,पैन कार्ड या वोटर आईडी या पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस की स्वसत्यापित दस्तावेजों की फोटोकॉपी के साथ जमा कर दें. आपको बता दें कि कई बड़े बैंक अब ग्राहकों को घर बैठे Video KYC के जरिए भी यह सुविधा दे रहे हैं. बैंक की ओर से केवाईसी अप्रूव होने और खाता एक्टिवेट होने के बाद, उसमें एक छोटा जमा या निकासी जरूर करें, ताकि स्टेटस एक्टिव बना रहे.
भूले बिसरे पुराने पैसों का ऐसे लगाएं पता
पुराने खातों में फंसा आपका पैसा आपका हक है.अगर आपको यह याद नहीं है कि आपका पुराना पैसा किस बैंक में जमा है, तो इसके लिए दर दर भटकने की जरूरत नहीं है. इसलिए समय रहते अपने नजदीकी बैंक से संपर्क करें या UDGAM पोर्टल पर जाकर अपनी राशि की जांच करें. RBI ने इसके लिए UDGAM यानी Unclaimed Deposits Gateway to Access inforMation पोर्टल की शुरुआत की है.
यह भी पढ़ें- इस तरह करेंगे शादी तो ₹5 लाख तक देगी सरकार; जानिए अप्लाई करने का तरीका
UDGAM पोर्टल का ऐसे करें इस्तेमाल
आपका पुराना पैसा किस बैंक में जमा है, इसका पता लगाने के लिए RBI के आधिकारिक UDGAM पोर्टल पर जाकर अपना अकाउंट बनाएं. अपना नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पैन कार्ड या वोटर आईडी का विवरण दर्ज करके सर्च करें. यह पोर्टल देश के विभिन्न प्रमुख बैंकों में पड़े आपके अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी एक जगह दिखाई देगा. UDGAM पर आपके नाम का अनक्लेम्ड पैसा दिखने के बाद, संबंधित बैंक शाखा में जाएं, अपने वैध दस्तावेज दिखाएं और मूल राशि पर लागू ब्याज सहित पूरा पैसा क्लेम करें.
यह भी पढ़ें- नौकरी बदलने पर बंद हो गया था पुराना PF Account? नए ईपोर्टल से आसानी से करें बैलेंस ट्रैक और ट्रांसफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं