अगर आपने अपने करियर में कई नौकरियां बदली हैं और पुराने पीएफ खातों (PF Accounts) का पैसा ट्रांसफर करना भूल गए हैं, तो आपके लिए एक बेहद राहत भरी खबर है. दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक नया डिजिटल ईपोर्टल लॉन्च किया है.
इस पोर्टल की मदद से ईपीएफ मेंबर्स अपने पुराने, बिना दावे वाले या निष्क्रिय पीएफ खातों को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे और आधिकारिक पहचान प्रमाणीकरण के जरिए उनका पैसा अपने मौजूदा एक्टिव यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) में ऑनलाइन ट्रांसफर कर सकेंगे. लोकसभा में सांसद वीके श्रीकंदन की ओर से पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने इस नई सुविधा की औपचारिक घोषणा की.
नए ईपोर्टल से ईपीएफ मेंबर्स को क्या-क्या मिलेंगे फायदे?
केंद्र सरकार और श्रम मंत्रालय के अनुसार, इस नए प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य कागजी कार्रवाई और ईपीएफओ दफ्तरों के चक्कर काटने की मजबूरी को खत्म करना है. इस वेबसाइट को युजर प्रेंडली बनाया गया है. ईपीएफ मेंबर्स इस साइट के आजाने के बाद अब ईपीएफओ दफ्तर के चक्कर काटे ही घर बैठे नीचे बताए गए काम कर सकेंगे.
अब हो सकेगी पुराने और बंद पड़े खातों की पहचान
- पुराने खातों के बैलेंस को सीधे अपने नए UAN में ट्रांसफर करने या सेटलमेंट के लिए ऑनलाइन अप्लाई करने का विकल्प मिलेगा.
- पोर्टल पर नो योर कस्टमर (KYC) अपडेट के लिए जॉइंट डिक्लेरेशन (Joint Declaration) भी ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा.
- डिजिटल प्रमाणीकरण से सत्यापन तेजी से होगा, जिससे मैन्युअल हस्तक्षेप कम होगा और धोखाधड़ी की गुंजाइश खत्म होगी.
क्या पुराने पीएफ नंबर पूरी तरह भूल जाने पर भी मिलेगी मदद?
संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह पोर्टल उन मेंबर्स की मदद करेगा, जिनके पास पुराने पीएफ खाते का विवरण या पहचान मौजूद है. हालांकि, सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिन मेंबर्स के पास अपने पुराने पीएफ अकाउंट का कोई भी नंबर या डिटेल नहीं है और वे पूरी तरह भूल चुके हैं, उनके लिए फिलहाल ऐसा कोई नया प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है.
क्यों पड़ी इस नए पोर्टल की जरूरत?
भारत में 8 करोड़ से ज्यादा ईपीएफ मेंबर्स हैं. वर्ष 2014 में UAN (Universal Account Number) सिस्टम लागू होने से पहले, जब भी कोई कर्मचारी नौकरी बदलता था, तो उसे नया पीएफ खाता नंबर दिया जाता था. इसके चलते कई कर्मचारियों के पुराने खातों में पैसे बिना क्लेम किए पड़े रह गए. अब यह नया पोर्टल मेंबर्स को बिना किसी झंझट के अपनी जीवनभर की गाढ़ी कमाई वापस पाने में मदद करेगा.
यह भी पढ़ें- इस तरह करेंगे शादी तो ₹5 लाख तक देगी सरकार; जानिए अप्लाई करने का तरीका
इस नई सुविधा के साथ-साथ ईपीएफओ (EPFO) ने वित्तीय वर्ष के लिए तय 8.25% की वार्षिक ब्याज दर को सदस्यों के खातों में जमा करना भी शुरू कर दिया है. खाते में ब्याज की राशि जमा होने के बाद मेंबर्स को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए नोटिफिकेशन भेजे जा रहे हैं, जिससे नौकरी पेशा वर्ग को अपनी रिटायरमेंट सेविंग्स पर दोहरा फायदा मिल रहा है.
यह भी पढ़ें- Voter ID Card में कैसे बदलें अपना पता? जानिए Form 8 भरने की सबसे आसान प्रक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं