- पंजाब से बिहार के लिए दो स्पेशल ट्रेन मंजूर की गई हैं.
- दोनों स्पेशल ट्रेन 19 अक्टूबर से संचालित की जाएगी.
- दोनों ट्रेन 7 हफ्तों तक हर सोमवार को संचालित होंगी.
दिवाली-छठ के त्योहार पर पंजाब में कामगार लोगों को बिहार जाने के लिए दो स्पेशल ट्रेन को मंजूरी दी गई है. त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने पंजाब से बिहार के लिए दो नई आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अधिसूचना जारी कर दी है. इसके तहत ट्रेन नंबर 04638/04637 अमृतसर-छपरा और ट्रेन नंबर 04640/04639 छेहरटा-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. दोनों ट्रेनें 19 अक्टूबर से अगले 7 हफ्तों तक हर सोमवार को संचालित होंगी.
ट्रेन नंबर 04638/04637 अमृतसर-छपरा का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 04638/04637 अमृतसर-छपरा प्रत्येक सोमवार को अमृतसर से शाम 7:40 बजे रवाना होगी और मंगलवार रात 8:45 बजे छपरा पहुंचेगी. वापसी में यह छपरा से मंगलवार रात 10:15 बजे चलकर गुरुवार तड़के 12:20 बजे अमृतसर लौटेगी. यह ट्रेन गोरखपुर के बाद कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, सीवान और एकमा के रास्ते चलाई जाएगी.
ट्रेन नंबर 04640/04639 छेहरटा-मुजफ्फरपुर का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 04640/04639 छेहरटा-मुजफ्फरपुर प्रत्येक सोमवार सुबह 8:35 बजे छेहरटा से चलकर अमृतसर से सुबह 9:10 बजे रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 1:10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी. वापसी में यह मुजफ्फरपुर से मंगलवार शाम 4:00 बजे चलकर बुधवार रात 9:30 बजे छेहरटा पहुंचेगी. गोरखपुर के बाद यह ट्रेन कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और सगौली जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
दोनों स्पेशल ट्रेन की खासियत
ये दोनों ट्रेनें अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर के रास्ते बिहार पहुंचेंगी. दोनों ट्रेनें पूरी तरह से आरक्षित (Reserved) होंगी. अमृतसर-छपरा ट्रेन में 22 और छेहरटा-मुजफ्फरपुर ट्रेन में 18 कोच लगाए गए हैं. इन ट्रेनों का संचालन फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें नियमित खाली खड़े रहने वाले रेक का उपयोग किया जाएगा.
यह भी पढ़ें | दिवाली-छठ पर सूरत से बिहार के लिए 2 अमृत भारत स्पेशल ट्रेन का ऐलान, गुजरात-एमपी-यूपी-बिहार में 18 स्टॉपेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं