- PM किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रु. 3 किस्तों में ट्रांसफर किए जाते हैं
- योजना के लाभ के लिए ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग और भू-सत्यापन अनिवार्य हैं.
- PM किसान मानधन योजना में 18 से 40 वर्ष के छोटे किसानों को बुढ़ापे में तीन हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाती है.
PM Kisan, Maandhan & KCC Scheme: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के छोटे और सीमांत किसानों के बीच सबसे लोकप्रिय योजनाओं में से एक है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को बुवाई और कृषि से जुड़ी दैनिक जरूरतों के लिए आर्थिक सहारा देना है.
पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाले सालाना 6,000 रुपये से लेकर, बुढ़ापे में 3,000 रुपये महीने की पेंशन देने वाली पीएम किसान मानधन योजना और कृषि कार्यों के लिए 5 लाख रुपये तक का सस्ता लोन देने वाले किसान क्रेडिट कार्ड की पूरी जानकारी जान लीजिए.
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
- पात्र किसानों के बैंक खातों में हर साल 6,000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाती है. यह पैसा 2,000-2,000 रुपये की तीन समान किस्त 4-4 महीने के अंतराल पर सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजा जाता है.
- योजना का लाभ लगातार हासिल करने के लिए ई-केवाईसी, बैंक खाते से आधार लिंकिंग और भू-सत्यापन होना अनिवार्य है.
- संस्थागत भूमि धारक, परिवार में कोई आयकरदाता सदस्य होने पर, या डॉक्टर, वकील, सीए और इंजीनियर जैसे पेशेवर इस योजना के पात्र नहीं हैं.
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना
छोटे और सीमांत किसानों को 60 वर्ष की उम्र के बाद सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने के लिए केंद्र सरकार पीएम किसान मानधन योजना संचालित कर रही है. इसके तहत 60 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद पात्र किसानों को प्रतिमाह 3,000 रुपये की पेंशन यानी सालाना 36,000 रुपये दी जाती है. 18 से 40 वर्ष की आयु के ऐसे किसान, जिनके पास अधिकतम 2 हेक्टेयर तक कृषि योग्य भूमि है. वे सभी इस योजना का लाभ लेने के योग्य हैं. उम्र के हिसाब से किसान को हर महीने 55 से 200 रुपये तक का योगदान देना होता है. खास बात ये है कि जितनी राशि किसान जमा करता है, उतनी ही राशि सरकार भी उसके पेंशन खाते में जमा करती है. अगर पेंशन प्राप्त कर रहे किसान की मौत हो जाती है, तो उनके जीवनसाथी यानी पति या पत्नी को नियम के अनुसार 50 प्रतिशत राशि यानी 1,500 रुपये प्रतिमाह पारिवारिक पेंशन के रूप में दी जाती है.
यह भी पढ़ें- इस महीने में आएगी किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, जल्द करें ये काम वरना नहीं मिलेगा पैसा
किसान क्रेडिट कार्ड
खेती-किसानी के दौरान बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी के लिए तुरंत पूंजी की आवश्यकता होती है. स्थानीय साहूकारों के भारी ब्याज दर के जाल से किसानों को बचाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना बेहद कारगर साबित हुई है. इस योजना के तहत बैंक किसान की जमीन, फसल पैटर्न और वित्तीय जरूरतों का मूल्यांकन करके लोन की सीमा तय करते हैं. इसके तहत पात्र किसानों को 5 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा दी जाती है. फसल उगाने वाले किसानों के अलावा पशुपालन, डेयरी, पोल्ट्री फार्मिंग और मत्स्य पालन से जुड़े किसान भी KCC के तहत रियायती दरों पर कर्ज ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें- नीलगिरी ऑयल और शालिमार्स धनिया पाउडर निकला खतरनाक, जानें शिकायत का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं