अक्सर गर्मी या नमी के मौसम घर में रखा दूध अचानक फट जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि अब इस फटे हुए दूध का क्या किया जाए और इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं या फेंक देते हैं. अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है, तो परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. हाल ही में यूट्यूब चैनल (Soni kitchens) पर शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. इसमें फटे हुए दूध को फेंकने की बजाय उससे एक बेहद स्वादिष्ट और शाही ड्राई फ्रूट्स मिठाई बनाने का तरीका बताया गया है.
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको बाजार से कोई महंगी चीज लाने की जरूरत नहीं है और न ही बहुत ज्यादा समय बर्बाद करना पड़ेगा. आइए जानते हैं कि कैसे आप घर पर ही रखे फटे हुए दूध से बिल्कुल हलवाई जैसी मिठाई तैयार करें.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं स्वादिष्ट मिठाई-
सामग्री-
- 1 लीटर फटा हुआ दूध
- ½ कप चीनी
- ½ कप मिल्क पाउडर
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 150-200 ग्राम कटे हुए काजू और बादाम
- 2-3 बड़े चम्मच सूखा नारियल बुरादा
- पिस्ता-बादाम सजाने के लिए
- फटे हुए दूध से पनीर तैयार करें
विधि-
- सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाई में थोड़ा सा पानी डालें. इससे दूध नीचे नहीं चिपकेगा. अब इसमें 1 लीटर पुराना दूध डालकर गर्म करें. यदि दूध खराब होने की स्थिति में है तो उबाल आने पर वह अपने आप फट जाएगा.
- दूध फटने के बाद उसे मलमल के कपड़े या छलनी की मदद से छान लें. इससे पनीर अलग हो जाएगा. एक्स्ट्रा पानी हाथ से दबाकर निकाल दें. 1 लीटर दूध से करीब 200 ग्राम पनीर तैयार हो जाता है.
- तैयार पनीर को मिक्सर जार में डालें. इसके साथ चीनी, मिल्क पाउडर और इलायची पाउडर मिलाएं. थोड़ा सा पानी डालकर सभी चीजों का स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.
- एक साफ कढ़ाई में 1 बड़ा चम्मच घी डालें. अब तैयार पेस्ट इसमें डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं. कुछ ही मिनटों में मिश्रण गाढ़ा होकर मावा जैसा बन जाएगा और आटे जैसी कंसिस्टेंसी में आ जाएगा. जैसे ही मिश्रण कढ़ाई छोड़ने लगे, गैस बंद कर दें.
- एक पैन में आधा चम्मच घी गर्म करें. इसमें काजू, बादाम और अपनी पसंद के अन्य ड्राई फ्रूट्स हल्के भून लें. इसके बाद नारियल बुरादा डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- जब मावा वाला मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो उसमें भुने हुए ड्राई फ्रूट्स और नारियल मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह हाथ से मिक्स करें.
- अब मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल लड्डू बना लें. आप अपनी पसंद के अनुसार लड्डुओं का आकार छोटा या बड़ा रख सकते हैं.
- कैसे करें लड्डूओं को स्टोर-
- लड्डू तैयार होने के बाद ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम लगाकर गार्निश करें. इससे मिठाई का स्वाद और लुक दोनों बेहतर हो जाते हैं.
- 1 लीटर दूध से बने पनीर, चीनी, मिल्क पाउडर और ड्राई फ्रूट्स की मदद से करीब 500 ग्राम यानी आधा किलो मावा लड्डू तैयार हो जाते हैं.
नोट-
- दूध फटने के बाद पनीर का पानी अच्छी तरह निकालें.
- मिश्रण को ज्यादा न पकाएं, वरना लड्डू सख्त हो सकते हैं.
- ड्राई फ्रूट्स अपनी पसंद और बजट के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
- एयरटाइट कंटेनर में रखने पर लड्डू कई दिनों तक अच्छे रहते हैं.
ये भी पढ़ें- रोज़ 1 लड्डू खाएं, थकान-कमजोरी दूर भगाएं! बिना चीनी सिर्फ 3 चम्मच घी में बनाएं एक किलो पौष्टिक लड्डू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं