- BHIM UPI पर अब NPS अकाउंट खोल सकते हैं.
- PFRDA ने एनपीएस तत्काल योजना शुरू की है.
- BHIM UPI पर मिनटों में खोल सकते हैं NPS अकाउंट.
अपने रिटायमेंट को सुरक्षित करने के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) से जुड़ना बेहद आसान हो गया है. पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने एक नई सुविधा 'एनपीएस तत्काल' (NPS Tatkal) योजना शुरू की है. इस योजना के तहत अब आप अपने मोबाइल में मौजूद UPI ऐप के जरिए सीधे नया NPS खाता खोल सकते हैं और इसके जरिए अपनी पेंशन राशि का अंशदान यानी पैसे जमा भी कर सकते हैं. पहले नया एनपीएस खाता खोलने के लिए लंबी कागजी कार्रवाई या ऑनलाइन-ऑफलाइन पंजीकरण करके 'परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंबर' (PRAN) लेना पड़ता था. लेकिन अब इसे चुटकियों में किया जा सकेगा.
अभी BHIM UPI पर सुविधा हुई है शुरू
अभी BHIM UPI के जरिए इस सुविधा को शुरू किया गया है. लेकिन भविष्य में अन्य यूपीआई ऐप पर भी यह उपलब्ध हो सकेगा. इस योजना से फिलहाल देश के 5 बड़े बैंक खास तकनीक और सुविधा से जुड़ चुके हैं. इसमें SBI, HDFC, ICICI, Axis Bank और IDFC फर्स्ट बैंक शामिल हैं. आपके जिस बैंक खाते से आपका UPI लिंक है, उसी बैंक में पहले से मौजूद आपकी KYC का इस्तेमाल करके नया NPS अकाउंट तुरंत खोल दिया जाएगा.
कैसे UPI से खोलें NPS अकाउंट स्टेप बाई स्टेप
BHIM UPI ऐप के जरिए 'एनपीएस तत्काल' सुविधा का उपयोग करके नया पेंशन खाता खोलने की पूरी प्रक्रिया बेहद आसान है. क्योंकि यह बैंक में पहले से मौजूद KYC डेटा का उपयोग करता है, इसलिए आपको कोई भी दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती है.
- अपने मोबाइल पर BHIM UPI का ऐप खोलें.
- ऐप में फाइनेंशियल सर्विस या इनवेस्टमेंट सेक्शन में जाएं.
- आपको NPS Tatkal का विकल्प दिखाई देगा उस पर क्लिक करें.
- फिर आपको उस बैंक अकाउंट को सेलेक्ट करना है जो UPI से लिंक है
- बैंक चुनते ही आपकी KYC जानकारी फेज कर लेगा.
- इसके बाद अपना PAN और Email दर्ज करें.
- अब आपको नॉमिनी का नाम, रिश्ता और उम्र दर्ज करना है.
- इसके बाद आपको यह चुनना होगा कि आप अपने पैसों को किस तरह इनवेस्ट करना चाहते हैं.
- इसके लिए Active और Auto विकल्प होता है इसमें Auto विकल्प सुरक्षित माना जाता है.
- अब आपको पहली बार NPS अकाउंट में जमा की जाने वाली राशि दर्ज करनी होगी.
- राशि डालने के बाद अपना UPI पिन दर्ज करें, पिन डालते ही पैसे कट जाएंगे.
- पेमेंट सफल होते ही स्कीन पर Registration Successful का मैसेज आएगा.
- कुछ ही देर में आपका PRAN जनरेट हो जाएगा, यह आपके मोबाइल और मेल पर भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें | NPS Swasthya: पेंशन के साथ मिलेगा ₹30 लाख का हेल्थ कवर!₹1,000 से खुलेगा खाता, 25% पैसे निकालने की भी छूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं