NPCI Soundbox: दुकानदारों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है. अब आपको अपनी दुकान के काउंटर पर Paytm, PhonePe और Google Pay जैसे अलग-अलग यूपीआई (UPI) पेमेंट ऐप्स के लिए अलग-अलग साउंडबॉक्स का ढेर लगाने की जरूरत नहीं होगी. NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) एक ऐसा नया सिस्टम तैयार कर रहा है, जिससे UPI पेमेंट लेने का प्रोसेस और आसान हो सकता है. दरअसल, प्रस्ताव है कि एक ऐसा इंटरऑपरेबल सिस्टम बनाया जाए, जिसमें एक ही साउंडबॉक्स से सभी UPI ऐप्स (जैसे PhonePe, Google Pay, Paytm आदि) के ट्रांजैक्शन की नॉटिफिकेशन मिल सके. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: अब पानी पर चलेगी मेट्रो, 18 शहरों में शुरू होगी वाटर मेट्रो सेवा, जानें कितना हो सकता है किराया
अलग-अलग डिवाइस मैनेज करने का झंझट होगा खत्म
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक NPCI एक ऐसा इंटरऑपरेबल सिस्टम तैयार कर रहा है जिसकी मदद से ग्राहक चाहे किसी भी ऐप से भुगतान करे, दुकानदार को उसी एक डिवाइस से पेमेंट की आवाज में सूचना मिल जाएगी. इससे छोटे दुकानदारों और रिटेलर्स के लिए डिजिटल पेमेंट लेना काफी आसान हो जाएगा, खर्च भी कम होगा और साथ ही कई डिवाइस मैनेज करने का झंझट भी खत्म हो जाएगा.

Photo Credit: File Photo
कैसे काम करेगा सिस्टम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस नए सिस्टम में दुकानदारों को साउंडबॉक्स सिर्फ एक ही पेमेंट ऐप के साथ रजिस्टर करना होगा. लेकिन इस सेटअप में बाकी QR कोड भी जोड़ा जा सकेगा. यानी ग्राहक किसी भी ऐप से पेमेंट करे, उसका कन्फर्मेशन एक ही साउंडबॉक्स पर सुनाई देगा. इससे दुकानदारों को बार-बार अलग डिवाइस बदलने या संभलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरा पेमेंट पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा.
खर्चा होगा कम
फिलहाल अधिकतर दुकानदार PhonePe, BharatPe और Paytm जैसे अलग-अलग पेमेंट ऐप्स के QR कोड इस्तेमाल करते हैं. साथ ही इन सभी कंपनियों के लिए अलग-अलग साउंडबॉक्स होते हैं जिन्हें मैनेज करना काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता है. इसके अलावा सभी साउंडबॉक्स के लिए दुकानदारों को अलग-अलग सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता है जिससे खर्चा भी बढ़ता है. लेकिन अब प्रस्तावित इंटरऑपरेबल साउंडबॉक्स सिस्टम आने के बाद दुकानदार किसी भी QR कोड के जरिए पेमेंट ले सकेंगे और एक ही साउंडबॉक्स से सभी ट्रांजैक्शन की जानकारी मिल जाएगी. इससे खर्चा कम होगा और पेमेंट लेना आसान हो जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं