विज्ञापन

दिल्ली को मिलेंगे दो नए अस्पताल, 25 दिसंबर से खुलेंगे 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर

दिल्ली सरकार अटल बिहारी वाजपेयी की 102वीं जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को राजधानी में 40 और आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करेगी. वहीं दो नए अस्पताल को अगले साल शुरू किया जाएगा.

दिल्ली को मिलेंगे दो नए अस्पताल, 25 दिसंबर से खुलेंगे 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
Delhi Two New Hospital and 40 Arogya Mandir
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • दिल्ली में अगले साल दो नए हॉस्पिटल शुरू किए जाएंगे.
  • दिल्ली में 25 दिसंबर से 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होंगे.
  • मौजूदा अस्पतालों में क्षमता और विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार होगा.

राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार ने प्रमुख चिकित्सा परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी परियोजनाओं को तय टाइम लाइन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए है. वहीं दिल्ली में दो नए अस्पताल अगले साल यानी 2027 में शुरू किए जाएंगे. जबकि दिसंबर में 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे.

सरकार के अनुसार, दिल्ली में अभी 415 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं और कुल 1,100 केंद्रों का लक्ष्य रखा गया है. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 102वीं जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को राजधानी में 40 और आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे.

सिरसपुर और हस्तसाल में शुरू होगा अस्पताल 

सरकार ने बताया है कि सिरसपुर में 1164 बिस्तर का अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है, जिसके लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद जनवरी के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य है. वहीं, हस्तसाल में 651 बिस्तर के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा होने वाला है. इन दोनों अस्पतालों को वर्ष 2027 में शुरू किया जाएगा.

वहीं सरकार ने बताया कि मादीपुर में 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी में 484.04 करोड़ रुपये की लागत से 691-691 बिस्तर के दो अस्पताल बनाए जा रहे हैं, जिन्हें 2028 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है.

मातृ-शिशु ब्लॉक, पुनर्विकास और मेडिकल कॉलेजों का विस्तार

मौजूदा अस्पतालों में क्षमता और विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार के लिए भी कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं. खिचड़ीपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल (460 बेड) और राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल (270 बेड) में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक लगभग तैयार हैं और इन्हें जल्द शुरू किया जाएगा. इसके अलावा रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का ब्लॉक विकसित किया जा रहा है.

लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास के लिए लगभग 30 माह की अवधि तय की गई है. वहीं, यमुनापार के जीटीबी अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान और आईएचबीएएस (IHBAS) को एक साझा संस्थागत ढांचे के तहत लाया जा रहा है.

इंदिरा गांधी अस्पताल (द्वारका) और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में 150-150 एमबीबीएस सीटों वाले मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है. साथ ही, बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटें 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में सीटें 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया जारी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्लीवासियों को समय पर बेहतर इलाज मिलेगा और बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा.

यह भी पढ़ें | दिल्ली में ईवी चार्जिंग के लिए 180 जगहों पर लगाए जाएंगे 540 पब्लिक चार्जर, कराना होगा रजिस्ट्रेशन, जानें तारीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Delhi Hospital, Arogya Mandir, Delhi Arogya Mandir, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com