नोएडा के लोगों को जल्द ही एक और शानदार ग्रीन स्पेस मिलने वाला है. शहर के सेक्टर-167 में करीब 29 एकड़ क्षेत्रफल में अत्याधुनिक 'लेक व्यू पार्क' विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास कर दिया है. नोएडा प्राधिकरण इस पार्क पर 21 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगा. इसे शहर का सबसे बड़ा झील आधारित पार्क बनाने की योजना है, जहां लोग प्रकृति, मनोरंजन और फिटनेस तीनों का एक साथ आनंद ले सकेंगे.
10 एकड़ में विशाल झील
इस पार्क की सबसे बड़ी पहचान इसकी करीब 10 एकड़ में फैली विशाल झील होगी. झील के बीच से गुजरने वाले दो एलिवेटेड वॉकवे तैयार किए जाएंगे, जिन पर चलते हुए लोग पानी के बेहद करीब रहकर प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकेंगे. सुबह और शाम की सैर करने वालों के लिए यह विशेष आकर्षण होगा.
मिलेंगी ये सुविधाएंपार्क को केवल घूमने की जगह नहीं बल्कि एक आधुनिक रिक्रिएशनल स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां मॉर्निंग वॉक के लिए कच्चा ट्रैक, अलग साइकिल ट्रैक और फिटनेस प्रेमियों के लिए ओपन जिम बनाया जाएगा. बच्चों के लिए आधुनिक प्ले एरिया होगा, जबकि परिवारों और युवाओं के लिए सेंट्रल प्लाजा, फूड स्ट्रीट, आकर्षक फाउंटेन और आरामदायक सिटिंग जोन भी विकसित किए जाएंगे.
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पार्क में ऑक्सीजन वैली और 'लाइफ ब्रीथ जंगल' विकसित किए जाएंगे. इन क्षेत्रों में हजारों छायादार और देशी प्रजाति के पेड़ लगाए जाएंगे ताकि पार्क केवल मनोरंजन का केंद्र ही नहीं, बल्कि शहर के लिए स्वच्छ हवा का बड़ा स्रोत भी बन सके.
प्राधिकरण की योजना के अनुसार, पार्क में लगभग 3,800 नीम, 3,240 पिलखन, 2,900 पीपल, 2,294 बरगद और 1,590 इमली के पेड़ लगाए जाएंगे. इनके अलावा भी कई अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र की हरियाली और जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा.
एक हजार वाहनों के लिए होगी ओपन पार्किंगपार्क में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक हजार वाहनों की क्षमता वाली ओपन पार्किंग बनाई जाएगी. चूंकि यह क्षेत्र ग्रीन बेल्ट के अंतर्गत आता है, इसलिए पार्किंग सहित अन्य निर्माण कार्यों में पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और स्थायी कंक्रीट निर्माण को न्यूनतम रखा जाएगा.
सेक्टर-167, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के नजदीक स्थित है. ऐसे में आसपास की आवासीय सोसायटियों, कॉरपोरेट कार्यालयों और आईटी कंपनियों में काम करने वाले लाखों लोगों को इस पार्क का सीधा लाभ मिलेगा. मॉर्निंग वॉक, साइक्लिंग, फैमिली पिकनिक और वीकेंड आउटिंग के लिए यह पार्क आने वाले समय में नोएडा की नई पहचान बन सकता है.
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का डिजाइन तैयार कर लिया है गया है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. निर्माण पूरा होने के बाद यह पार्क शहर के सबसे बड़े और आधुनिक सार्वजनिक ग्रीन स्पेस में शामिल होगा.
यह भी पढ़ें- फोन के नेटवर्क अचानक चले जाएं, तो तुरंत हो जाएं अलर्ट, जानिए SIM Swap Scam का पूरा खेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं