Kal Ka Mausam 6 August 2026: इन दिनों देशभर में मॉनसून सक्रिय है. राजधानी दिल्ली से लेकर पूरे उत्तर भारत में इस हफ्ते की शुरुआत से ही बारिश हो रही है. लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत मिली है. वहीं उत्तराखंड समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के बाद बुरा हाल है. केरल से लेकर असम तक बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 6 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD ने अनुसार कल देश के कुल 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा कई अन्य राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
दिल्ली-NCR में बारिश का येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना हुआ है. इस हफ्ते की शुरुआत से ही पूरे इलाके में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कल के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के अनुसार 6 अगस्त को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा. इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पूरे दिन बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना है.
उत्तराखंड में भारी बारिश, सरकार ने जारी किया अलर्ट
उत्तराखंड में बुधवार तड़के से जारी मूसलाधार बारिश का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है. लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई जिलों में नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर बह रहे हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग ने कल भी राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने देहरादून समेत कई जिलों में'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने कल यूपी के कई जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, कल पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई जगहों पर बारिश होगी. 6 और 7 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है.
बिहार में भी बारिश की संभावना
बिहार में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कल बिहार में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार, 6 से 8 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- भारी से बहुत भारी बारिश: उत्तराखंड, कोंकण और गोवा
- भारी बारिश: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे
- हल्की से मध्यम बारिश: हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, झारखंड, असम, मेघालय, महाराष्ट्र, कर्नाटक, और लक्षद्वीप.
यह भी पढ़ें: सावन में 4 दिन जमकर बारिश, दिल्ली-यूपी से बिहार-बंगाल तक 12 राज्यों में IMD अलर्ट, जानें आज का मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं