नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी से एक दुखद मामला सामने आया है. लोकसभा सचिवालय में निदेशक पद पर कार्यरत गौरव गौतम (40) अपने फ्लैट में मृत पाए गए. उनका शव छत के पंखे से लटका मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें कर्ज का जिक्र होने की बात सामने आई है. पुलिस अब इस नोट और अन्य सबूतों की जांच कर रही है.
पत्नी मायके से लौटीं तो खुला घटना का पता
पुलिस के अनुसार घटना के समय गौरव गौतम की पत्नी अपने मायके गई हुई थीं. जब वह घर लौटीं तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद उन्होंने सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड की मदद से दरवाजा खुलवाया.
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. गौरव गौतम फंदे से लटके हुए मिले. परिवार और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल से मिली सूचना, पहुंची पुलिस
फेज-2 थाना पुलिस ने बताया कि अस्पताल की ओर से भेजे गए ज्ञापन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने फ्लैट का बारीकी से निरीक्षण किया और विभिन्न साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़े कई पहलुओं पर और स्पष्टता मिलने की उम्मीद है.
सुसाइड नोट की जांच जारी
जांच के दौरान फ्लैट से एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ. शुरुआती जानकारी के अनुसार नोट में कर्ज का जिक्र किया गया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि नोट की सामग्री और उसकी परिस्थितियों की गहराई से जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- Ground Report: धराली आपदा के एक साल बाद भी नहीं भरे जख्म, मलबे के बीच जिंदगी जीने को मजबूर लोग
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं