- नोएडा में बनाया जा रहा 60 फीट लंबा छठ घाट.
- सेंट्रल पार्क में छठ पूजा का होगा भव्य आयोजन.
- चार दिनों तक चलेगा छठ पर्व का आयोजन.
लोक आस्था का पर्व छठ पूजा को लेकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तैयारियां जोर शोर से चल रही है. इस बार छठ पूजा में शहरवासियों और पूर्वांचल के प्रवासियों को बेहतर और सुगम सुविधाएं देने के लिए अलग-अलग पार्कों में छठ घाट का इंतजाम किया जा रहा है. नोएडा के प्रमुख पार्कों में शुमार सेक्टर 75 में स्थित सेंट्रल पार्क में भी 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा. वहीं छठ के लिए यहां 60 फीट लंबा घाट बनाया जा रहा है.
60 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा होगा घाट
इसके लिए गोल्फ सिटी प्लॉट-8 और पंचशील प्रतिष्ठा सोसायटीके बीच स्थित पार्क में 60 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा छठ घाट बनाया जा रहा है. इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय समितियों और प्रशासन ने रूपरेखा तैयार कर ली है, जिससे व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
चार दिनों तक चलेंगे पारंपरिक अनुष्ठान
छठ महापर्व के पारंपरिक नियमों के अनुसार चार दिन धार्मिक अनुष्ठान होगा, जो शुक्रवार, 13 नवंबर से शुरू होकर सोमवार, 16 नवंबर 2026 तक संपन्न होगा.
13 नवंबर (नहाय-खाय): इस दिन व्रती स्नान कर शुद्ध सात्विक खाना खाकर व्रत की शुरुआत करेंगे.
14 नवंबर (खरना): शाम के समय खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर भगवान सूर्य को भोग लगाया जाएगा और इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा.
15 नवंबर (संध्या अर्घ्य): यह इस महापर्व का मुख्य दिन होता है, जब व्रती पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को पहला संध्या अर्घ्य देते हैं.
16 नवंबर (उषा अर्घ्य): महोत्सव के अंतिम दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस कठिन व्रत का पारण और समापन होगा.
सेंट्रल पार्क में सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
शहर के भीतर स्थित इस सेंट्रल पार्क में व्रतियों के लिए आर्टिफिशियल घाट तैयार किए जा रहे हैं, जहां शुद्ध पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी ताकि महिलाएं पारंपरिक रूप से जल में खड़े होकर अर्घ्य दे सकें. पर्व के दौरान जुटने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और पार्क प्रबंधन द्वारा विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल और साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें | यमुना पर बनेंगे 17 मॉडल और 23 प्राकृतिक बड़े छठ घाट, सुरक्षा से लेकर मेडिकल तक होगी VIP व्यवस्था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं